मुख्य द्वार के पर्दों का रंग बदल सकता है घर का माहौल, वास्तु के अनुसार जानें कौन-सा रंग है शुभ
punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 12:17 PM (IST)
Curtain Colors as Per Vastu : घर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए लोग फर्नीचर, दीवारों के रंग और सजावट पर खूब ध्यान देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गर के मुख्य दरवाजे पर लगा पर्दा भी वास्तु शास्त्र में खास महत्व रखता है। वास्तु मान्यताओं के अनुसार, घर का मुख्य द्वार ऊर्जा के प्रवेश का प्रमुख स्थान होता है। ऐसे में यहां लगाए जाने वाले पर्दों का रंग और उनका चुनाव घर के वातावरण पर प्रभाव डाल सकता है। कई लोग घर के मेन गेट पर पर्दे लगाते समय केवल अपनी पसंद और कमरे की सजावट को ध्यान में रखते हैं। जबकि वास्तु शास्त्र में दरवाजे की दिशा के अनुसार रंगों का चयन करना शुभ माना जाता है। तो आइए जानते हैं कि वास्तु के अनुसार घर के मुख्य द्वार की अलग-अलग दिशाओं के लिए कौन-से रंग के पर्दे चुनना बेहतर माना जाता है।
मुख्य द्वार के लिए दिशा के अनुसार चुनें पर्दों का रंग
उत्तर दिशा का मुख्य द्वार
वास्तु शास्त्र में उत्तर दिशा को धन और समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। इस दिशा के स्वामी कुबेर देव माने जाते हैं। यदि आपके घर का मुख्य दरवाजा उत्तर दिशा में है तो यहां हल्के हरे, आसमानी या हल्के नीले रंग के पर्दे लगा सकते हैं। मान्यता है कि ये रंग घर में ताजगी और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने में मदद करते हैं।
दक्षिण दिशा के लिए चुनें लाल या नारंगी रंग
दक्षिण दिशा का संबंध अग्नि तत्व और ऊर्जा से माना जाता है। वास्तु मान्यताओं के अनुसार, इस दिशा में मुख्य द्वार होने पर लाल, मरून या नारंगी रंग के पर्दे अच्छे माने जाते हैं। ये रंग ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास का प्रतीक माने जाते हैं। हालांकि बहुत गहरे रंगों की जगह संतुलित और हल्के शेड चुनना बेहतर रहेगा।
पूर्व दिशा के लिए पीले और हल्के हरे रंग के पर्दे
पूर्व दिशा को सूर्य देव के उदय की दिशा माना जाता है। यह नई शुरुआत, प्रकाश और सकारात्मकता का प्रतीक है। यदि घर का मुख्य दरवाजा पूर्व दिशा में है तो हल्के पीले, क्रीम या हल्के हरे रंग के पर्दे लगा सकते हैं। वास्तु के अनुसार, ऐसे रंग घर में प्रसन्नता और उत्साह का वातावरण बनाने वाले माने जाते हैं।
पश्चिम दिशा के लिए सफेद और हल्के नीले रंग का चुनाव
पश्चिम दिशा के मुख्य द्वार के लिए सफेद, सिल्वर, क्रीम या हल्के नीले रंग के पर्दे अच्छे विकल्प हो सकते हैं। वास्तु मान्यताओं में इन रंगों को शांति और संतुलन से जोड़कर देखा जाता है। इस दिशा में बहुत ज्यादा चमकदार रंगों के बजाय सादगी वाले पर्दे घर की सजावट को भी खूबसूरत बना सकते हैं।
