25 साल की सेवा यात्रा पर बोले PM मोदी: 'गीता का कर्म ही मेरा धर्म, 2047 तक विकसित भारत बनाकर रहेंगे'
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 08:30 AM (IST)
नई दिल्ली (निशांत राघव/नवोदय टाइम्स) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन और शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सभा - सेवा ज्योति' कार्यक्रम में हिस्सा लिया और उसे संबोधित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने वी विल डू इट(हम करके रहेंगे) 2047 तक विकसित भारत के लिए नया संकल्प दिया। उन्होंने कहा कि केवल बोलने से नहीं बल्कि दूरदर्शी नीतियों व कड़ी मेहनत से यह लक्ष्य हासिल होगा।
उन्होंने कहा कि मैं एंबीशन नहीं, मिशन के लिए जीने वाला इंसान रहा हूं। उन्होंने देश के हरेक वर्ग को एकजुट रहने पर जोर दिया और विशेषतौर पर जेन जी-युवाओं से देश के विकास के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
9 प्रण लिए
विकसित भारत 2047 तक
तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनाना
आत्मनिर्भर भारत बनाना
ओलंपिक का आयोजन
अंतरिक्ष में कदम बढ़ाना
प्राचीन गौरव को पुनर्जीवित करना
देश के लिए निस्वार्थ कर्म
आराम नहीं की सोच से आगे बढ़ना
सपने बड़े, हौंसले बुलंद
पी एम बोले, सबने सिखाया
चंद्रयान ने मुझे असफलता से उठना सिखाया
जिसने मुझे जिताया, उसने मुझे विनम्र होना सिखाया
जिसने मुझे गिराया, उसने मुझे खड़ा होना सिखाया
जिसने साथ दिया, उसने मुझे विश्वास की शक्ति दिखाई
जिसने मेरा विरोध किया, उसने मुझे लोकतंत्र की शक्ति समझाई
हर सिद्धि ने बड़े लक्ष्यों की तरफ बढ़ने का सामर्थ्य दिया
कोरोना ने सामूहिक चेतना सिखाई
यह आराम का समय नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह आराम का समय नहीं खुद को देश के लिए खपा देने का वक्त है। भारत में 140 करोड़ की आबादी में जितनी बड़ी संख्या युवाओं की है, इस मौके को गंवाना नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि समाज को वोट के आधार पर बांटना देश के समक्ष एक बड़ी चुनौती है। लेकिन जब किसी किसान के खेत में पानी नहीं होता तो क्या यह समस्या केवल एक जाति को प्रभावित करती है? ऐसी कई अन्य समस्याओं का समाधान सबके लिए होना चाहिए। भारत के रुकने का कोई कारण नहीं है। चाहें दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होना हो,आत्मनिर्भर बनना, ओलंपिक की मेजबानी करना, अंतरिक्ष में कदम बढ़ाना-वी विल डू इट। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों पर कहा कि असंभव लगने वाली बातें अब संभव हो गई हैं।
मच्छार का भी जिक्र किया
फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार का जिक्र किया और कहा कि सह-पायलट के हमले में घायल होने के बावजूद उन्होंने विमान दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश नाकाम की, दुनिया में भारतीय पायलट की चर्चा है।
मैं कर्म को अपना धर्म मानता हूं
उन्होंने कहा कि गीता ने हमें सिखाया है कर्मण्ये वाधिकारस्ते और मैं कर्म को अपना धर्म मानता हूं। हर कर्म पूरी क्षमता से करता रहूं। सबका साथ, सबका विकास, यही मेरे लिए सुशासन का आधार रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सीएम रेखा गुप्ता, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद, विधायक समेत राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, मंत्री, भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
25 साल के कई रिकार्ड
अक्तूबर 2001- मई 2014 : गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता
4398 दिन का नेहरू का रिकॉर्ड: 10 जून को तोड़कर सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता
8931 दिन : भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रह कर 8930 दिन का रिकॉर्ड था पवन चामलिंग के नाम
लगातार तीन बार प्रधानमंत्री : 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
