Maa Shoolini Mela 2023: आज अपनी बहन से मिलने आएंगी मां शूलिनी, सोलन में आज निकलेगी शोभायात्रा
punjabkesari.in Friday, Jun 23, 2023 - 10:20 AM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2023_6image_08_33_531069510shoolinmata1.jpg)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
सोलन (रवीन्द्र): राज्य स्तरीय 3 दिवसीय मां शूलिनी मेला शुक्रवार को पूजा-अर्चना के बाद मां की शोभायात्रा के साथ शुरू हो जाएगा। इस दौरान मां की डोली के साथ मनमोहक झांकियां निकलेंगी और बैंड प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। शोभायात्रा का दायित्व प्रशासन ने शूलिनी माता मंदिर समिति को सौंपा है।
गौर रहे कि मां शूलिनी ज्येष्ठ मास के दूसरे शुक्रवार को अपनी गंज बाजार स्थित बहन से मिलने आती हैं। 2 दिन गंज बाजार मंदिर में प्रवास के बाद तीसरे दिन रविवार को अपने मंदिर वापस लौट जाती हैं। इन 3 दिनों में शहर में उत्सव का माहौल होता है और ठोडो मैदान में मेला लगता है। मेले के दौरान शहर में विभिन्न स्थानों पर भंडारों का भी आयोजन किया जाएगा।
1100 रुपए मूल्य की जन्म कुंडली मुफ्त में पाएं। अपनी जन्म तिथि अपने नाम, जन्म के समय और जन्म के स्थान के साथ हमें 96189-89025 पर व्हाट्सएप करें
इस बार मां शूलिनी की शोभायात्रा में मां की डोली के साथ 12 अलग-अलग झांकियां शामिल होंगी। इस दौरान पहाड़ी वाद्य यंत्र, बैगपाइपर, बैंड बाजा व सपेरा बीन के अतिरिक्त विशेष ढोलियों की टीमें साथ चलेंगी। शोभायात्रा का शुभारंभ मां शूलिनी मंदिर से 2 बजे होगा व चौक बाजार, पुराना बस अड्डे से माल रोड होते हुए मां की डोली वापस गंज बाजार अपनी बहन श्री श्री शूलिनी पीठम पहुंचेगी। इस बार मां का डोला थोड़ी देर के लिए गंज बाजार में भी रुकेगा।
मेले के प्रथम दिन 11 बजे मां की पूजा-अर्चना होगी। करीब डेढ़ बजे मां की शोभायात्रा मंदिर परिसर से निकलेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मां के डोले का स्वागत पुरानी कचहरी के पास करेंगे। इसके बाद शोभायात्रा गंज बाजार, पुराने बस अड्डे व माल रोड से होते हुए पुराने उपायुक्त कार्यालय तक जाएगी। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में सी.पी.एस. राम कुमार चौधरी व सी.पी.एस. संजय अवस्थी विशिष्ट अतिथि होंगे। मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में शुक्रवार को जाने-माने पंजाबी गायक जस्सी गिल मुख्य कलाकार होंगे। इसके अलावा सोलन और हमीरपुर के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। स्थानीय कलाकार को भी कार्यक्रम में प्रस्तुतियां देने का मौका मिलेगा।