Kuber Dev vastu tips: धन के देवता की कृपा पाना चाहते हैं तो घर की उत्तर दिशा में रखें ये खास चीजें

punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 06:00 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Kuber Dev vastu tips: वास्तु शास्त्र और ज्योतिष में उत्तर दिशा को बहुत ही शुभ माना जाता है। शास्त्रो में इसे धन और समृद्धि की दिशा कहा गया है क्योंकि इस दिशा के स्वामी स्वयं धन के अधिपति कुबेर देव माने गए हैं। मान्यता है कि यदि घर की उत्तर दिशा को सही तरीके से सजाया और संतुलित किया जाए तो घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है और कभी भी आर्थिक तंगी नहीं आती। यही कारण है कि वास्तु में उत्तर दिशा में कुछ विशेष चीजें रखने की सलाह दी गई है। कहते हैं कि ऐसा करने से कुबेर देव प्रसन्न होते हैं और परिवार पर अपनी विशेष कृपा बरसाते हैं। तो आइए जानते हैं कि घर की उत्तर दिशा में कौन-कौन सी चीजें रखनी चाहिए जिससे जीवन में सुख-समृद्धि और धन का प्रवाह बना रहे।

PunjabKesari Kuber Dev vastu tips

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की उत्तर दिशा को धन और समृद्धि की दिशा माना गया है। यदि इस स्थान पर तिजोरी या धन से जुड़ी वस्तुएं रखी जाएं तो आर्थिक प्रगति के अवसर बढ़ते हैं। इसी के साथ उत्तर दिशा में कुबेर देव की प्रतिमा या तस्वीर रखने से भी धन संबंधी लाभ की संभावनाएं प्रबल होती हैं। माना जाता है कि इस दिशा में कुबेर यंत्र की स्थापना करने से व्यापार में उन्नति होती है और घर में समृद्धि बनी रहती है। साथ ही ये भी माना जाता है कि इससे बिगड़े काम भी बनने लगते हैं।

घर की उत्तर दिशा में एक्वेरियम रखना भी शुभ माना जाता है। कहते हैं कि इस दिशा में एक्वेरियम रखने से व्यक्ति की बंद किस्मत का ताला भी खुल जाता है और जीवन में तरक्की आने लगती है।

इसके अलावा वास्तु शास्त्र के अनुसार, ये मान्यता है कि यदि घर या कार्यालय की उत्तर दिशा में मनी प्लांट और तुलसी का पौधा लगाया जाए तो आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और सुख-समृद्धि बनी रहती है। इसी तरह इस दिशा में बांस का पौधा रखना भी शुभ माना जाता है, जिससे सौभाग्य और धन वृद्धि के अवसर बढ़ते हैं। ऐसे में आप अपने घर की उत्तर दिशा में इन में कोई भी एक पौधा ज़रुर लगाएं।

PunjabKesari Kuber Dev vastu tips

घर की उत्तर दिशा में छोटा सा फाउंटेन या फिर क्रिस्टल का कछुआ भी रख सकते हैं। इन्हें भी इस दिशा में रखना बेहद शुभ माना जाता है। कहते हैं कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है।

इसके अलावा यदि आपको अपने घर में नकारात्मकता महसूस होती है तो ऐसे में घर की उत्तर दिशा में नदी के झरने वाली तस्वीर लगाना बेहद शुभ माना जाता है। माना जाता है कि इससे घर में अच्छी ऊर्जा का प्रवाह होता है और नकारात्मकता का अंत होता है।

ध्यान रखें की घर की उत्तर दिशा में कभी भी जूते चप्पल या डस्टबिन आदि नहीं रखने चाहिए। ये दिशा धन के देवता कुबेर जी की मानी जाती है। ऐसे में इस दिशा ये सब रखने से कुबंर देव नाराज़ हो सकते हैं और जातक को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

PunjabKesari Kuber Dev vastu tips


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News