Kedarnath Dham : चारधाम यात्रा से पहले केदारनाथ में सुरक्षा बढ़ी, मंदिर परिसर में लगेंगी विशेष रेलिंग

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 09:22 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Kedarnath Dham :  इस साल 22 अप्रैल को केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने से पहले मंदिर परिसर में कुछ अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर समिति ने परिसर को अधिक व्यवस्थित बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

कपाट खुलने से पहले मंदिर के चारों ओर रेलिंग लगाने का कार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि श्रद्धालुओं की भीड़ के दौरान व्यवस्था बनी रहे और दर्शन करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। रेलिंग लगने के बाद मंदिर परिसर पहले की तुलना में ज्यादा व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई देगा।

दरअसल, साल 2013 में 16 और 17 जून को आई भीषण आपदा में केदारनाथ धाम और मंदिर परिसर को काफी नुकसान पहुंचा था। इस आपदा के बाद केंद्र और राज्य सरकार की मदद से यहां बड़े स्तर पर पुनर्निर्माण और विकास कार्य कराए गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम के पुनर्विकास के दौरान मंदिर परिसर का भी विस्तार किया गया। पहले जहां परिसर काफी सीमित था, वहीं अब इसे श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए लगभग तीन गुना तक बड़ा कर दिया गया है।

हालांकि परिसर का विस्तार तो कर दिया गया था लेकिन इसके चारों ओर रेलिंग नहीं लगाई गई थी। इसी कारण भीड़ के समय कभी-कभी अव्यवस्था की स्थिति बन जाती थी। अब इस कमी को दूर करने की तैयारी की जा रही है।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रशासनिक अधिकारी युद्धवीर सिंह पुष्पवाण के अनुसार, कपाट खुलने से पहले समिति की टीम केदारनाथ पहुंचेगी और वहां जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करेगी। टीम द्वारा धाम में बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने के साथ-साथ मंदिर परिसर में रेलिंग लगाने का काम भी पूरा कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रेलिंग लगने से भीड़ को नियंत्रित करने में आसानी होगी और श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान बेहतर सुविधा मिल सकेगी। साथ ही इससे मंदिर परिसर पहले से ज्यादा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुंदर नजर आएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News