उत्तराखंड में 'आसमान से आफत': बद्रीनाथ-केदारनाथ मार्ग पर मलबे का कब्जा, 5 जिलों में भारी बारिश का 'महा-अलर्ट' जारी!
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 10:33 AM (IST)
देहरादून (एजैंसी): उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। पहाड़ों से मलबा और चट्टानें गिरने के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग और केदारनाथ यात्रा मार्ग कई स्थानों पर बाधित हो गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के वाहन फंस गए। मौसम विभाग ने देहरादून समेत 5 जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रुद्रप्रयाग जिले के मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने के बाद केदारनाथ यात्रा मार्ग अवरुद्ध हो गया।
वहीं, चमोली जिले में गुलाबकोटी गांव के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। इसके चलते बद्रीनाथ और हेमकुंट साहिब आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन दोनों ओर लंबी कतारों में फंस गए। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम की टीमें मार्ग को जल्द खोलने में जुटी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
