अमरनाथ यात्रा : 3,865 श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू से रवाना

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 01:32 PM (IST)

जम्मू (कमल): अमरनाथ यात्रा के दूसरे दिन शुक्रवार को 3,865 श्रद्धालुओं के दूसरे जत्थे को भगवती नगर बेस कैम्प से दक्षिण कश्मीर स्थित बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना किया गया।

तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से सुरक्षा घेरे में 2 काफिलों में रवाना हुआ। बालटाल रूट के लिए 1,735 तीर्थयात्री सुबह 3.13 बजे रवाना हुए जबकि पहलगाम रूट की ओर जाने वाले 2,130 तीर्थयात्री सुबह 3.38 बजे निकले, जिससे दूसरे जत्थे की कुल संख्या 3,865 हो गई। इस जत्थे में 2,965 पुरुष तीर्थयात्री, 618 महिलाएं, 230 साधु, 48 साध्वियां और 4 बच्चे शामिल हैं। तीर्थयात्री 201 वाहनों में यात्रा कर रहे हैं जिनमें 83 बसें, 14 मीडियम मोटर वाहन (एम.एम.वी.) और 104 लाइट मोटर वाहन (एल.एम.वी.) शामिल हैं। कुल 115 वाहन बालटाल जाने वाले काफिले का हिस्सा हैं, जबकि 86 वाहन पहलगाम बेस कैंप की ओर निकले। 

वहीं दक्षिण कश्मीर में स्थित बालटाल व पहलगाम-नुनवान बेस कैम्पों से शुक्रवार को अमरनाथ यात्रियों के पहले जत्थे को तड़के रवाना किया गया। दूसरी ओर बीच-बीच में बारिश के बावजूद पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम रूट और छोटे 14 किलोमीटर लंबे बालटाल रूट, दोनों से सुबह-सुबह यात्रा शुरू हुई। 57 दिनों की यह तीर्थयात्रा 28 अगस्त को समाप्त होगी। 
गौरतलब है कि शुक्रवार को दूसरे जत्थे के रवाना होने के साथ ही, पिछले दो दिनों में कुल 8,687 तीर्थयात्री वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से कश्मीर घाटी के लिए निकल चुके हैं।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News