अमरनाथ यात्रा : कड़ी सुरक्षा में जम्मू से रवाना हुआ 7754 तीर्थयात्रियों का जत्था
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 07:25 AM (IST)
जम्मू (कमल): अमरनाथ यात्रा में तीर्थयात्रियों का उत्साह चरम पर है। बारिश और हिमलिंग के जल्दी पिघल जाने जैसी प्राकृतिक चुनौतियों के बावजूद भक्तों की आस्था बिल्कुल कम नहीं हुई है। जम्मू से तीर्थयात्री ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को भी भारी आध्यात्मिक उत्साह देखने को मिला। कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से 7754 तीर्थयात्री रवाना हुए, जबकि अब तक 2,75,618 तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए।
तीर्थयात्रियों का 12वां जत्था, जिसमें 5383 पुरुष, 2071 महिलाएं, 222 साधु, 58 साध्वियां, 16 बच्चे और चार ट्रांसजैंडर भक्त शामिल थे, 303 वाहनों के काफिले में बालटाल और पहलगाम के बेस कैंपों के लिए रवाना हुआ। बालटाल जाने वाले काफिले में 133 वाहनों में 2896 तीर्थयात्री सवार थे, जो सुबह 3.30 बजे निकला।
इसके बाद पहलगाम जाने वाला काफिला, जिसमें 170 वाहनों में 4858 तीर्थयात्री थे, सुबह 4.05 बजे रवाना हुआ। वार्षिक यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक भगवती नगर बेस कैंप से 87,701 तीर्थयात्री रवाना हो चुके हैं, जबकि अब तक 2,75,618 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए हैं।
