उत्तराखंड से होकर कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का पहला जत्था तिब्बत पहुंचा

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 09:32 AM (IST)

पिथौरागढ़ (एजैंसी): उत्तराखंड से होकर कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का पहला दल शुक्रवार सुबह 17,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित लिपुलेख दर्रे को पार कर तिब्बत में प्रवेश कर गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। धारचूला आधार शिविर में तैनात कुमाऊं मंडल विकास निगम (के.एम.वी.एन.) के अधिकारियों ने बताया कि 48 सदस्यीय जत्थे ने लिपुलेख दर्रे को सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर पार किया। 

धारचूला शिविर के प्रभारी अधिकारी धन सिंह बिष्ट ने बताया, “श्रद्धालुओं के पहले जत्थे में 48 यात्रियों के अलावा एक चिकित्सक और 4 सहायक कर्मचारी भी शामिल हैं।” कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले पहले दल में शुरूआत में 49 श्रद्धालु शामिल थे लेकिन उनमें से एक को किसी व्यक्तिगत समस्या के कारण गुंजी शिविर से लौटना पड़ा।  

बिष्ट ने बताया कि धारचूला से आगे लखनपुर में भूस्खलन होने के कारण 47 सदस्यीय दूसरे जत्थे की यात्रा में कुछ समय की देरी हुई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह दल शुक्रवार शाम तक गुंजी पहुंच जाएगा और रात्रि विश्राम करने के बाद शनिवार सुबह से अपनी आगे की यात्रा शुरू कर देगा।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News