गुरु नानक के प्रकाश पर्व पर करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोला जाए : मान
punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 12:57 PM (IST)
चंडीगढ़ (स.ह.): मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की अपील की है, ताकि लाखों नानक नाम लेवा श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में माथा टेक सकें।
उन्होंने कहा कि देश-विदेश की संगत प्रतिदिन अरदास करती है कि उन्हें अपने से बिछड़े पवित्र गुरुधाम के खुले दर्शन-दीदार का अवसर मिले। संगत की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पंजाब विधानसभा में भी कॉरिडोर दोबारा खोलने के लिए प्रस्ताव पारित किया जा चुका है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि 24 नवम्बर को गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व है। यदि वाघा सीमा नहीं खोली जा सकती तो कम से कम श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को ही खोल दिया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालु उसी दिन गुरुद्वारा साहिब जाकर नतमस्तक हो सकें और वापस लौट सकें। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि संगत की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए कॉरिडोर को जल्द दोबारा खोलने की घोषणा की जाए।
