खंडित मूर्तियों के ससम्मान रीसाइक्लिंग के लिए सरकार बनाएगी विशेष कलेक्शन सेंटर्स: सीएम रेखा गुप्ता
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 10:30 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को राजधानी में खंडित देवी-देवताओं की मूर्तियों के सम्मानजनक संग्रह एवं रीसाइक्लिंग के लिए विशेष जनभागीदारी अभियान शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में खंडित (पुरानी) मूर्तियों के सम्मानजनक विसर्जन और रीसाइक्लिंग के लिए समर्पित कलेक्शन सेंटर्स स्थापित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने इस मुहिम को पूरी तरह नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए सीधे दिल्लीवासियों से सुझाव मांगे हैं ताकि जनभागीदारी से इस योजना को अंतिम रूप दिया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक जिन मूर्तियों को लोग अपने घरों में भगवान के रूप में पूजते हैं, उनके खंडित हो जाने के बाद अक्सर उन्हें पीपल के पेड़ों के नीचे, नदी किनारे, पार्कों या सड़कों पर छोड़ दिया जाता है। यह न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। सरकार ऐसे समर्पित कलेक्शन सेंटर स्थापित करेगी, जहां नागरिक अपनी खंडित मूर्तियों को सम्मानपूर्वक जमा कर सकेंगे। बाद में इन मूर्तियों को वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से रीसायकल कर उपयोगी वस्तुओं में परिवर्तित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि आस्था का सम्मान भी बना रहे और पर्यावरण की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
