छठ पूजा में अर्घ्य देते समय दिशा का रखें खास ध्यान, जानें किस ओर होना चाहिए व्रतियों का मुख

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 01:20 PM (IST)

Chhath Puja Arghya Direction 2026 : हिंदू धर्म में  छठ महापर्व को सबसे पवित्र  और कठिन व्रतों में से एक माना जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महाअनुष्ठान में व्रती पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ नियमों का पालन करते हुए सूर्य देव की आराधना करते हैं। छठ पूजा की सबसे खास परंपरा डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देना है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्य देव को जल अर्पित करने से जीवन में सुख-समृद्धि, आरोग्य और सकारात्मकता आती है। हालांकि, छठ पूजा में अर्घ्य देते समय दिशा का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल रहता है कि संध्या अर्घ्य और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान व्रतियों को किस दिशा की ओर मुंह करके खड़ा होना चाहिए। आइए जानते हैं छठ पूजा में भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की सही दिशा और इससे जुड़ी धार्मिक मान्यताएं।

छठ पूजा में संध्या अर्घ्य देते समय किस दिशा में रखें मुख?

छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब या किसी निर्धारित जलाशय के किनारे खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। सूर्यास्त के समय सूर्य पश्चिम दिशा में अस्त होते हैं। इसलिए संध्या अर्घ्य देते समय व्रतियों को पश्चिम दिशा की ओर मुख करके खड़ा होना चाहिए। इस दौरान बांस के सूप और टोकरी में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री रखकर सूर्य देव को अर्पित की जाती है। मान्यता है कि डूबते सूर्य को अर्घ्य देने से जीवन में कृतज्ञता और समर्पण का भाव बना रहता है। छठ पूजा की यह परंपरा हमें सिखाती है कि जिस प्रकार उगते सूर्य का सम्मान किया जाता है, उसी तरह अस्त होते सूर्य के प्रति भी श्रद्धा रखनी चाहिए।

उगते सूर्य को अर्घ्य देते समय किस ओर करें पूजा?

छठ महापर्व के अंतिम दिन यानी चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इस समय सूर्य पूर्व दिशा से उदय होते हैं। इसलिए प्रातःकालीन अर्घ्य देते समय व्रतियों को पूर्व दिशा की ओर मुख करके खड़ा होना चाहिए। उगते सूर्य को जल अर्पित करते हुए परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सुबह के समय सूर्य देव की उपासना करना शुभ माना जाता है। इससे व्यक्ति को ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मकता प्राप्त होती है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News