Delhi Chhath Puja Traffic Alert : छठ पूजा पर आज और कल इन रास्तों पर जाने से बचें, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 09:32 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): छठ पूजा के अवसर पर यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमडऩे की संभावना को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। आज यानी रविवार और सोमवार को वजीराबाद से लेकर आइपी एस्टेट तक यमुना के विभिन्न घाटों के आसपास यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के साथ वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जरूरत के अनुसार यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, वजीराबाद क्षेत्र के राम घाट, सूर घाट और बजरंग घाट, आइएसबीटी के पास वासुदेव घाट और आइपी एस्टेट क्षेत्र के हाथी घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए रविवार दोपहर दो बजे से सोमवार को सुबह आठ बजे तक यातायात प्रभावित रह सकता है। इस दौरान बंध रोड, वजीराबाद रोड, विकास मार्ग, आइपी एस्टेट क्षेत्र की सड़कों और यमुना घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। श्रद्धालुओं की संख्या और मौके की यातायात स्थिति के अनुसार वाहनों को रोका या डायवर्ट भी किया जा सकता है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इन मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलें। साथ ही यातायात पुलिस की एडवाइजरी का पालन करें, ताकि छठ पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
