‘जेन-जी’ की शादियों में टैक्नोलॉजी का तड़का, ‘ए.आई.’ से लेकर ‘फेस रिकग्निशन’ तक बदल रहे 7 ट्रैंड

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 08:48 AM (IST)

नई दिल्ली (इंट): भारतीय शादियों में अब शहनाई, संगीत और सजावट के साथ टैक्नोलॉजी का तड़का भी लग रहा है। नई पीढ़ी यानी जेन-जी अपनी शादियों को आर्टिफिशियल इंटैलिजैंस (ए.आई.), सोशल मीडिया और डिजिटल सुविधाओं से खास बना रही है। प्री-वैडिंग शूट से लेकर मेहमानों की तस्वीरें ढूंढने, निमंत्रण का जवाब लेने और शगुन देने तक का तरीका बदल रहा है। अब फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर के साथ कंटैंट क्रिएटर भी बुक किए जा रहे हैं। व्हाट्सएप कंट्रोल रूम से मेहमानों का प्रबंधन हो रहा है तो फेस रिकग्निशन से कुछ सैकेंड में तस्वीरें खोजी जा रही हैं। जेन-जी की शादियों में ऐसे 7 नए ट्रैंड तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।

ए.आई. से तैयार हो रहे प्री-वैडिंग शूट
प्री-वैडिंग शूट के लिए अब खूबसूरत पर्यटन स्थलों पर जाना जरूरी नहीं है। ए.आई. टूल की मदद से जोड़े अपनी साधारण सैल्फी को उदयपुर की पिछोला झील, ग्रीस के सेंटोरिनी द्वीप या पुरानी बॉलीवुड फिल्म के पोस्टर जैसी तस्वीरों में बदल रहे हैं। ए.आई. की मदद से कपड़ों, लोकेशन और सजावट के रंगों का खाका भी पहले तैयार किया जा रहा है, जिससे डिजाइनर और डेकोरेटर को जोड़े की पसंद समझने में आसानी होती है।

फोटोग्राफर और कंटैंट क्रिएटर की बुकिंग
शादियों में अब फोटोग्राफर और सिनेमेटोग्राफर के साथ वैडिंग कंटैंट क्रिएटर भी अहम हो गए हैं। ये स्मार्टफोन से दुल्हन के तैयार होने, बारात के धमाल और खास पलों के छोटे वीडियो बनाकर कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर पोस्ट करने लायक तैयार कर देते हैं। ट्रैंडिंग म्यूजिक के साथ रील्स बनाने का चलन बढ़ रहा है। कुछ एजैंसियां 3 दिन के समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग के लिए 2.5 लाख से 4.5 लाख रुपए तक ले रही हैं।

व्हाट्सएप बना शादी का कंट्रोल रूम
मेहमानों को फोन करके बुलाने और समारोहों का समय बताने की पुरानी व्यवस्था अब डिजिटल हो रही है। व्हाट्सएप बिजनैस के जरिए एक ही जगह से मेहमानों की उपस्थिति की पुष्टि (आर.एस.वी.पी.), रिमाइंडर और कार्यक्रम की समय-सारिणी भेजी जा रही है। डैस्टिनेशन वैडिंग में फ्लाइट टिकट और पहचान पत्र जुटाने में भी इसकी मदद ली जा रही है। कुछ जगह ए.आई. आधारित डिजिटल सहायक मेहमानों के सवालों के जवाब भी दे रहे हैं।

क्यू.आर. कोड और फेस रिकग्निशन
शादी के बाद तस्वीरें ढूंढने और बांटने की परेशानी भी कम हो रही है। क्यू.आर. कोड के जरिए मेहमान अपनी तस्वीरें सांझा गैलरी में अपलोड कर सकते हैं। वहीं कामेरो, समारो और ड्रीमकास्ट के पिकबॉट जैसे प्लेटफॉर्म फेस रिकग्निशन तकनीक का इस्तेमाल करते हैं। मेहमान अपनी सैल्फी अपलोड करते हैं और सिस्टम पेशेवर फोटोग्राफरों के कैमरों से ली गई उन तस्वीरों को खोजकर सामने रख देता है, जिनमें उनका चेहरा मौजूद होता है।

नकद शगुन की जगह यू.पी.आई.
शादी में लिफाफे में नकदी और एक रुपए का सिक्का रखने की परंपरा अब डिजिटल भुगतान से बदल रही है। मेहमान क्यू.आर. कोड स्कैन करके सीधे दूल्हा-दुल्हन या परिवार को शगुन भेज सकते हैं। केरल की एक शादी में दुल्हन के पिता ने अपनी शर्ट पर पे.टी.एम. का क्यू.आर. कोड लगा लिया था, ताकि मेहमान आसानी से डिजिटल शगुन दे सकें। यह प्रयोग सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहा।

मेहमानों को फोन करेगा ए.आई
निमंत्रण मिलने के बाद भी कई मेहमान समारोह में आने की पुष्टि करना भूल जाते हैं। ऐसे में ए.आई. वॉयस एजैंट की मदद ली जा रही है। यदि कोई मेहमान व्हाट्सएप निमंत्रण का जवाब नहीं देता तो ए.आई. उसे हिंदी, अंग्रेजी या क्षेत्रीय भाषा में फोन कर सकता है। यह उसकी उपस्थिति, खानपान की पसंद और दूसरी जरूरी जानकारियां लेकर डिजिटल डैशबोर्ड में दर्ज कर देता है।

कैरिकेचर कॉर्नर को मिला नया रूप
शादी और संगीत समारोहों में कैरिकेचर बनाने वाले कलाकारों की जगह अब ए.आई. बूथ ले रहे हैं। कैमरे के सामने पोज देते ही कुछ सैकेंड में मेहमान का कैरिकेचर, बॉबलहेड या घिबली शैली का चित्र तैयार हो जाता है। इसे मौके पर प्रिंट करवाने के साथ मोबाइल पर भी भेजा जा सकता है। दिल्ली, गुरुग्राम और कोलकाता में ऐसे सैटअप 360 डिग्री वीडियो बूथ और मैजिक मिरर के साथ लगाए जा रहे हैं।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News