छठ पूजा पर कोरोना काल जैसा नजारा! ट्रेन में टिकट नहीं तो ऑटो-ई-रिक्शा लेकर बिहार रवाना हुए लोग
punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 09:46 AM (IST)
नई दिल्ली (महेश चौहान/नवोदय टाइम्स): कोरोना काल जैसे लोग अपने निजी वाहन से ही निकल पड़े थे। छठ पूजा पर भी वही आलम इस बार है। दिल्ली से बिहार और पूर्वांचल जाने वाले लोग किसी भी तरह अपने घर पहुंचने की जुगत में लगे हैं। ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिला तो लोग अपने ई रिक्शा,ऑटो से ही अपने गांव के लिए निकल पड़े। दरियागंज में किराये के मकान पर रहने वाले रामप्रसाद ने कहा कि रेल और जहाज में टिकट नहीं मिली तो अब हम अपने ही ऑटो से परिवार को लेकर माई का नाम लेकर निकल पड़े हैं,वहीं हमको गांव पहुंचाएगी और त्यौहार मनवाकर आशिर्वाद देगी। चंद्रमोहन ने कहा कि भाईयाजी बैटरी रख ली है और कुछ खाली बैटरी भी किसी साथी से उधार ली है। बिहार तक पहुुंचने में एक दर्जन बैटरी की जरूरत है। मैकेनिक हम खुद हैं ही तो बस छठ मईया की जय बोलकर निकल पड़े हैं गांव।
बिहार के लिए कैब पैकेज
ट्रेन और बसें फुल हैं तो ट्रैवल एजैंसियां कैब पैकेज दे रही हैं। छठ पर ट्रैवल एजेंसियां पटना और बिहार के अन्य शहरों के लिए 30 हजार तक का पैकेज दे रही हैं। ऐसे में लोगों का कहना है कि घर जाने के लिये एक तो कार की सवारी ऊपर से किराया भी कम,क्योंकि कार में पांच लोग बैठकर जा रहे हैं,यानि एक के हिस्से में पांच से 6 हजार रुपये ही किराया आ रहा है। आनंद विहार रेलवे स्टेशन जैसे अन्य स्टेशनों और बस अड्डो में एजेंसियों के कर्मचारी खड़े हैं,जो सवारियों को कैब की जानकारी दे रहे हैं। कई ने तो अपनी पर्सनल कार को भी कैब बना दिया है,क्योंकि एक हफ्ते में घूमने का घूमने और किराये से अच्छी खासी कमाई भी।
दुबई से दिल्ली 14 हजार में,पटना से दिल्ली 40 हजार रुपये हवाई किराया
17 नवंबर को पटना से दिल्ली का विमान किराया 34 हजार रुपये के पार पहुंच गया है। हैरानी की बात यह है कि इसी दिन दुबई से दिल्ली आने का विमान किराया 14,390 रुपये है। यानी पटना से दिल्ली जाने का खर्च दोगुने से भी अधिक हो गया है। पटना से अहमदाबाद का एयर इंडिया का किराया 40,663 रुपये और इंडिगो का 40,463 रुपये है। पटना से चेन्नई का एयर इंडिया का किराया 40,424 रुपये और इंडिगो का 34,614 रुपये है। पटना से दिल्ली का एयर इंडिया का किराया 34,665 रुपये और इंडिगो का 26,037 रुपये है। पटना से कोलकाता का एयर इंडिया का किराया 30,970 रुपये और इंडिगो का 26,909 रुपये है। जबकि पटना से मुंबई का एयर इंडिया का किराया 30,915 रुपये और इंडिगो का 31,434 रुपये है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
