पांच ऐसे प्राणी हैं जिन्हें भोजन खिलाने से घर में होता है लक्ष्मी का वास
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2015 - 08:27 AM (IST)

सुख और दुख जीवन के दो समाकलित अंग हैं जो निरंतर हमारे जीवन में हमारे साथ चलते रहते है। जब भी कोई इंसान दुखी होता है तो वह उससे उबरने के लिए धर्म की शरण में जाता है। धर्म शास्त्रों में दुखों को मिटाने और लक्ष्मी को पाने के लिए पांच ऐसे प्राणीयों का वर्णन किया गया है जिन्हें भोजन खिलाने से घर में लक्ष्मी का वास तो होता ही है साथ ही धार्मिक कर्म भी हो जाते हैं। दुख और सुख तो कर्मों के अनुरूप ही प्राप्त होते हैं। पुण्य कर्म करने से दुखों का क्षय होता है।
घर में जब भी रोटी बनाएं तो पहली रोटी गाय को खिलाएं। गोमाता को एक ग्रास खिला दीजिए तो वह सभी देवी-देवताओं को पहुंच जाएगा। हिंदू धर्म के सभी देवी-देवताओं और अपने पितरों का आशीर्वाद प्राप्त करना हो तो गो भक्ति और गो सेवा से बढ़कर कोई अन्य विकल्प नहीं है।
सुबह के समय पक्षियों को सतनाजा, बाजरा और रोटी डालने से घर की आर्थिक हालत में सुधार होता है। अपना खुद का कारोबार करने वाले जातको को प्रतिदिन पक्षियों को दाना देना चाहिए। ऐसा करने से कारोबार में दिन दुगुनी रात चौगुनी तरक्की होती है।
दुश्मनों पर विजय प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन कुत्ते को रोटी खिलाएं। जो लोग कुत्ते को खाना खिलाते हैं उनसे शनि अति प्रसन्न होते हैं। शनि देव की कृपा के उपरांत जातक को परेशानियों से सदा के लिए निजात मिल जाती है। कुत्ते को तेल से चुपड़ी रोटी खिलाने से शनि के साथ ही राहु-केतु से संबंधित दोषों का भी निवारण हो जाता है। राहु-केतु के योग कालसर्प योग से पीड़ित व्यक्तियों को यह उपाय लाभ पहुंचाता है।
कर्ज तले जी रहे इंसान का जीवन रोग और शोक को खुला निमंत्रण देता है। ऐसे में यदि प्रतिदिन चींटियों को शक्कर और आटा डालें तो जल्द ही कर्ज से मुक्ति पाई जा सकती है। धन से संबंधित सभी अवरोध समाप्त हो जाते हैं और लक्ष्मी जी प्रसन्न होती हैं।
पैतृक संपत्ति में से आपको कुछ न मिल पा रहा हो अथवा कोई मूल्यवान वस्तु गुम हो गई हो तो नियम से हर रोज मछलियों को आटे की गोलियां खिलाएं। शीघ्र ही आपको शुभ समाचार मिलेगा।