धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन का शहर अमृतसर कूड़े की राजधानी बना : चुघ
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 11:25 AM (IST)
अमृतसर (विशेष): भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने अमृतसर के झब्बाल रोड स्थित 11 एकड़ की डंप साइट पर करीब 1.5 लाख मीट्रिक टन कूड़ा जमा होने तथा पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा अमृतसर नगर निगम की गंभीर लापरवाही को लेकर नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के समक्ष हलफनामा दाखिल किए जाने पर पंजाब सरकार को आड़े हाथों लिया।
चुघ ने आरोप लगाया कि धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन की राजधानी अमृतसर की पवित्र धरती को पंजाब सरकार ने कूड़े के पहाड़ में बदल दिया है। श्री हरिमंदिर साहिब, श्री दुर्ग्याणा मंदिर और श्री वाल्मीकि तीर्थ जैसी विश्व प्रसिद्ध धार्मिक धरोहरों तथा जलियांवाला बाग, महाराजा रणजीत सिंह स्मारक और अन्य ऐतिहासिक स्थलों की धरती को स्वच्छ और सुंदर रखने की बजाय सरकार ने इसे गंदगी, दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या से जूझने के लिए छोड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि झब्बाल रोड के पास रेलवे फाटक के समीप सड़क के किनारे ही शहर का कचरा डाला जा रहा है। इसी मार्ग पर कई बड़े स्कूल स्थित हैं। ये वही मार्ग है जहां ऐतिहासिक बाबा बुड्ढा साहिब गुरुद्वारा है, प्रसिद्ध चीफ खालसा दीवान द्वारा संचालित नरसिंह कॉलेज है एवं राधा स्वामी डेरा सहित कई धार्मिक शैक्षणिक संस्थान हैं। कचरे के ढेर से उठने वाली दुर्गंध का असर लोगों और स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अमृतसर में बढ़ते वायु और जल प्रदूषण को लेकर सरकार को गंभीरता दिखानी होगी। बारिश के दौरान कचरे से पैदा होने वाली गंदगी, जलभराव और दुर्गंध की समस्या को देखते हुए नगर निगम को प्रभावी व्यवस्था करनी चाहिए।
