वास्तु गुरु कुलदीप सलूजा- क्या रंगीन टेप और मेटल स्ट्रिप सचमुच दूर कर सकते हैं घर का वास्तुदोष? जानें बिना तोड़-फोड़ वाले इन उपायों की पूरी सच्चाई

punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 02:10 PM (IST)

Home Vastu: पिछले कुछ वर्षों से कुछ वास्तुविदों द्वारा घर के वास्तुदोषों को दूर करने के लिए विभिन्न रंगों की कलर टेप और मेटल स्ट्रिप के उपयोग की सलाह दी जाती है। उनका दावा है कि इनका उपयोग करके घर, दुकान या व्यावसायिक परिसर के वास्तुदोषों को दूर किया जा सकता है, वह भी बिना किसी निर्माण कार्य में बदलाव किए। ऐसे दावों के कारण लोगों के मन में यह प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या वास्तव में कलर टेप और मेटल स्ट्रिप के उपायों से वास्तुदोष दूर किये जा सकते हैं?

मेटल स्ट्रिप सामान्यतः काॅपर या स्टील की धातु की एक पतली पट्टी या तार होती है, जिसका उपयोग कई वास्तुविद भवन के वास्तुदोषों को दूर करने के लिए करते हैं। जैसे किसी दिशा में वास्तु विपरीत बढ़ाव, दरवाजे या भवन के विशेष हिस्से में मेटल स्ट्रिप लगाने से वहां की नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव कम किया जा सकता है या ऊर्जा का संतुलन बनाया जा सकता है।

इसी प्रकार कुछ वास्तुविदों द्वारा अलग-अलग दिशाओं या स्थानों पर विशेष रंग की टेप लगाने की सलाह दी जाती है। दावा किया जाता है कि रंगों के माध्यम से किसी दिशा के वास्तु असंतुलन को ठीक किया जा सकता है और भवन में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाई जा सकती है। यह समझना आवश्यक है कि रंगों का मनुष्य की भावनाओं, पसंद और वातावरण की अनुभूति पर प्रभाव तो पड़ सकता है। लेकिन रंगों के मनोवैज्ञानिक प्रभाव और वास्तुदोष दूर करने के दावे दो अलग-अलग बातें हैं। केवल किसी दीवार, दरवाजे या फर्श पर रंगीन टेप लगाने से भवन की दिशा, संरचना या प्रवेश द्वार की स्थिति नहीं बदलती। इसलिए यह कहना कि कलर टेप लगाने से किसी भी प्रकार का वास्तुदोष समाप्त हो जाता है, वास्तु की दृष्टि से पूर्णतः अनुचित है।

इसी प्रकार कुछ वास्तु विशेषज्ञ टॉयलेट की स्थिति को दोषपूर्ण मानने पर विशेष रंग की टेप लगाने का सुझाव देते हैं। जैसे दक्षिण और आग्नेय कोण में लाल, नैऋत्य कोण में पीली, पश्चिम और वायव्य में सफेद, उत्तर में ब्ल्यु और पूर्व में हरा इस प्रकार रंगों का उपयोग करने की सलाह दी जाती है। लेकिन इन रंगों के चयन को लेकर भी सभी वास्तुविद जो यह सलाह देते हैं वह भी एकमत नहीं है। अब यह प्रश्न उठता है कि यदि एक ही वास्तुदोष के लिए अलग-अलग रंगों की सलाह दी जाती है, तो किसकी बात को सही माना जाए और उसके प्रभाव को किस आधार पर मापा जाए? ध्यान रहे किसी रंगीन टेप को लगाने से टॉयलेट की दिशा, पाइपलाइन, जल निकासी या वेंटिलेशन में कोई परिवर्तन नहीं होता।

इसी प्रकार रसोईघर की दिशा, चूल्हे की स्थिति और प्लेटफॉर्म के स्थान को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग रंगों की टेप लगाने की सलाह दी जाती है। उदाहरण के लिए, यदि किचन का प्लेटफॉर्म किसी विशेष दिशा में हो या चूल्हे की स्थिति को वास्तु के अनुसार अनुचित माना जाए, तो उस प्लेटफॉर्म के किनारे पर किसी खास रंग की टेप लगाने का सुझाव दिया जाता है। लेकिन केवल प्लेटफॉर्म पर टेप लगाने से चूल्हे की वास्तविक दिशा नहीं बदलती और न ही रसोई की संरचना में कोई बदलाव होता है।

यदि किसी घर में सैप्टिक टैंक, टॉयलेट, किचन या मुख्य द्वार की स्थिति वास्तु विपरीत स्थान पर है, तो उस स्थान पर विभिन्न रंगों की टेप या मेटल स्ट्रिप लगाने से भवन की वास्तविक बनावट में कोई परिवर्तन नहीं होता। यदि कोई व्यक्ति दावा करता है कि एक विशेष रंग की टेप लगाने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, आर्थिक परेशानियां, पारिवारिक विवाद या व्यवसाय की कठिनाइयां दूर हो जाएंगी, तो उस दावे के समर्थन में विश्वसनीय प्रमाण होना चाहिए, जोकि कभी नहीं मिलते। यदि वास्तव में इन उपायों से वास्तुदोष दूर होते तो प्राचीन समय में जब वास्तु के ग्रंथ लिखे गए उन ग्रंथों में इन उपायों का वर्णन क्यों नहीं मिलता, क्योंकि उस समय भी धातु और कलर की उपलब्धता तो थी ही।

यदि किसी भवन में कोई वास्तुदोष हैं, तो उन वास्तुदोषों को दूर उसे वास्तुअनुकूल करें। ध्यान रहे वास्तुदोष केवल और केवल भवन की संरचना में वास्तुअनुकूल परिवर्तन करके ही दूर किये जा सकते हैं अन्य किसी भी उपाय जैसे मेटल स्ट्रिप या विभिन्न रंगों की कलर टेप के माध्यम से नहीं।

वास्तु गुरु कुलदीप सलूजा
thenebula2001@gmail.com

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News