China Gold Strategy: चीन की गोल्ड स्ट्रैटेजी, लगातार 15वें महीने बढ़ाया रिजर्व, ग्लोबल मार्केट में बढ़ी हलचल
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 05:59 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः चीन के सेंट्रल बैंक ने लगातार 15वें महीने सोना खरीदकर वैश्विक वित्तीय बाजारों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना के ताजा आंकड़ों के अनुसार जनवरी में भी गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी हुई, जिससे कुल भंडार 74.19 मिलियन फाइन ट्रॉय औंस तक पहुंच गया, जो एक महीने पहले 74.15 मिलियन ट्रॉय औंस थी। बढ़ते भू-राजनीतिक और आर्थिक जोखिमों के बीच चीन की यह रणनीति सोने को सुरक्षित निवेश के रूप में मजबूत करती दिख रही है।
मात्रा के साथ-साथ चीन के गोल्ड रिजर्व की कुल वैल्यू में भी बड़ा उछाल आया है और यह 369.58 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। इससे एक महीने पहले यह आंकड़ा 319.45 अरब डॉलर था। इस बीच वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद कीमतों में गिरावट और फिर आंशिक रिकवरी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
सोने की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव
चीन की इस सक्रियता और वैश्विक सट्टा खरीदारी के चलते जनवरी में सोने की कीमतों ने 5,600 डॉलर प्रति औंस का ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर छुआ था। हालांकि, यह रिकॉर्ड तेजी स्थायी साबित नहीं हुई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अगले नेतृत्व को लेकर केविन वार्श के नामांकन की खबरों ने बाजार का रुख बदल दिया, जिससे स्पॉट गोल्ड की कीमतों में तेज गिरावट देखी गई। अब सोने का अंतराष्ट्रीय बाजार में भाव 4887 डॉलर प्रति औंस हो गया है।
वैश्विक बाजारों में हलचल
हालांकि चीन में कुल गोल्ड खपत में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। स्टेट समर्थित चाइना गोल्ड एसोसिएशन के मुताबिक 2025 में चीन की गोल्ड खपत 3.75 प्रतिशत घटकर 950 मीट्रिक टन रह गई। गोल्ड बार और कॉइन की खरीद में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है, जो निवेशकों के बीच बढ़ती सेफ हेवन डिमांड को दर्शाती है। ऐसे माहौल में चीन की लगातार गोल्ड खरीद वैश्विक बाजारों के लिए अहम संकेत मानी जा रही है और आने वाले समय में सोने की कीमतों की दिशा पर इसका असर पड़ सकता है।
