Gold Price लेकर UBS की ताजा रिपोर्ट ने फिर बढ़ाई हलचल, कीमत जाएगी इस लेवल तक

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 04:53 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः UBS की ताजा रिपोर्ट ने सोने को लेकर बाजार में फिर हलचल बढ़ा दी है। जब निवेशक यह मानने लगे थे कि सोने की तेज रैली अब खत्म हो सकती है, उसी वक्त ग्लोबल ब्रोकरेज ने बड़ा अनुमान पेश किया है। UBS के मुताबिक सोने का बुल-मार्केट अभी खत्म नहीं हुआ है और 2026 के मध्य तक इसकी कीमत 6,200 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है, जो मौजूदा स्तर से करीब 25 फीसदी ज्यादा है। हालांकि निकट अवधि में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और सोना कुछ समय के लिए सीमित दायरे में घूम सकता है।
 
रिपोर्ट के अनुसार हालिया गिरावट और वोलैटिलिटी को ट्रेंड रिवर्सल नहीं बल्कि अस्थायी करेक्शन माना जा रहा है। मार्जिन कॉल्स, प्रॉफिट बुकिंग और डॉलर-ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता ने कीमतों पर दबाव डाला है। इसके बावजूद UBS का मानना है कि लंबी अवधि में केंद्रीय बैंकों की खरीद, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक जोखिम सोने को मजबूत सपोर्ट देते रहेंगे।

दूसरी ओर चांदी में तेज उतार-चढ़ाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमतों में एक दिन में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जबकि घरेलू बाजार में भी कीमतों पर भारी दबाव रहा। UBS का कहना है कि फिलहाल चांदी में जोखिम ज्यादा है और लंबी अवधि का निवेश करने से पहले बाजार के स्थिर होने का इंतजार करना बेहतर रहेगा।

विशेषज्ञों के मुताबिक हालिया तेज गिरावट का कारण बाजार का भरोसा टूटना नहीं, बल्कि लीवरेज्ड पोजिशन वाले निवेशकों की मजबूरी में हुई बिकवाली रही। जब ऐसे मजबूर विक्रेता बाहर हो जाते हैं तो बाजार धीरे-धीरे स्थिर होने लगता है। UBS का मानना है कि सोने की तेजी का चक्र अभी अपने मध्य से अंतिम चरण में है, जहां नए रिकॉर्ड बन सकते हैं लेकिन बीच-बीच में 5 से 8 फीसदी तक की गिरावट भी सामान्य रहेगी। इसलिए मौजूदा उतार-चढ़ाव को लंबी गिरावट की शुरुआत मानना जल्दबाजी होगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News