Liver cirrhosis: आंख में दिखने लगता है लिवर सड़ने का ये लक्षण, दिखते ही भागें डॉक्टर पास
punjabkesari.in Wednesday, Jul 02, 2025 - 09:23 AM (IST)

नेशनल डेस्क: अगर आप लंबे समय से थकान, भूख की कमी या आंखों की सफेदी में पीलापन महसूस कर रहे हैं, तो यह मामूली लक्षण नहीं, बल्कि गंभीर खतरे की घंटी हो सकती है। लिवर सिरोसिस एक ऐसी स्थिति है, जिसमें लिवर धीरे-धीरे काम करना बंद कर देता है और समय पर इलाज न हो तो ये जानलेवा बन सकती है। आइए जानें सिरोसिस के वो 7 शुरुआती लक्षण जो समय रहते पहचान लिए जाएं तो आपकी जान बच सकती है।
1. लगातार थकान और कमजोरी
लिवर हमारे शरीर की एनर्जी का अहम स्रोत होता है। जब यह अंग कमजोर होता है तो थकावट और कमजोरी दिनभर बनी रहती है। बिना मेहनत के भी थक जाना एक बड़ा संकेत हो सकता है।
2. भूख कम लगना और तेजी से वजन घटना
लिवर की गड़बड़ी पाचन पर सीधा असर डालती है। भूख कम लगने के साथ तेजी से वजन गिरने लगता है। यह लक्षण नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
3. आंखों का सफेद हिस्सा पीला होना (Jaundice Sign)
सिरोसिस की हालत में लिवर बिलिरुबिन को सही से प्रोसेस नहीं कर पाता, जिससे यह शरीर में जमा होने लगता है। नतीजा – आंखों की सफेदी और त्वचा पीली पड़ने लगती है। इसे पीलिया का क्लासिक संकेत माना जाता है।
4. पेट में सूजन या फूला हुआ पेट
लिवर फेल होने की स्थिति में पेट में फ्लूइड जमा होने लगता है, जिसे 'Ascites' कहा जाता है। यह पेट फूलने, भारीपन और दर्द का कारण बनता है।
5. नील पड़ना और मामूली चोट पर खून बहना
लिवर वो प्रोटीन बनाता है जो ब्लड क्लॉटिंग में मदद करते हैं। सिरोसिस के दौरान शरीर की ब्लीडिंग कंट्रोल करने की क्षमता घट जाती है। मामूली चोट पर भी अधिक खून बह सकता है या शरीर में नीले-नीले निशान दिख सकते हैं।
6. ब्रेन फॉग और कंपन
जब लिवर शरीर से टॉक्सिन्स बाहर नहीं निकाल पाता, तो ये जहर खून के जरिए दिमाग तक पहुंच सकते हैं। इसका असर हाथों में कंपकंपी, उलझन, भूलने की बीमारी और चिड़चिड़ेपन के रूप में दिखता है।
7. त्वचा पर लाल धब्बे या चकत्ते
अगर आपके चेहरे, गर्दन, छाती या हाथ पर बारीक लाल रेखाएं या चकत्ते दिखने लगे तो इसे भी नजरअंदाज न करें। यह सिरोसिस के कारण होने वाले हार्मोनल असंतुलन का संकेत हो सकता है।
डॉक्टर क्या कहते हैं?
विशेषज्ञों का मानना है कि लिवर की बीमारियां धीरे-धीरे विकसित होती हैं और जब तक लक्षण गंभीर न हो जाएं, लोग इन्हें पहचान नहीं पाते। लेकिन अच्छी बात यह है कि लिवर में खुद को रिपेयर करने की क्षमता होती है। समय पर इलाज और लाइफस्टाइल में बदलाव से स्थिति को काफी हद तक संभाला जा सकता है।
सावधानी ही बचाव है!
अगर इन लक्षणों में से कोई एक भी लंबे समय तक नजर आ रहा हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। सिरोसिस को नजरअंदाज करना मौत को न्योता देना हो सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।