पश्चिम बंगाल में महिला नेता के कपड़े फाड़े, सरेआम पीटा- नंगा घुमाया... BJP ने की CBI जांच की मांग

punjabkesari.in Sunday, Jun 30, 2024 - 07:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश महासचिव अग्निमित्रा पॉल ने कूचबिहार जिले में पार्टी की एक महिला नेता को निर्वस्त्र करने और शारीरिक यातना देने की कथित घटना की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग की और पुलिस पर असली अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। जिले के माथाभांगा इलाके में भाजपा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाली पॉल ने दावा किया कि पार्टी की स्थानीय इकाई के अल्पसंख्यक मोर्चा की अध्यक्ष महिला को 25 जून को टीएमसी के बदमाशों ने उस समय पीटा और निर्वस्त्र कर दिया, जब वह खेत में मवेशी चरा रही थी।

सरेआम पीटा गया, निर्वस्त्र किया गया- पॉल
पॉल ने कहा, ‘‘एक महिला मुख्यमंत्री के शासन में, बंगाल की माताओं, बहनों और अल्पसंख्यक समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाली एक महिला को तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता और उसके सहयोगियों द्वारा सरेआम पीटा गया, निर्वस्त्र किया गया और गाली दी गई।'' उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस और सरकार एक महिला के खिलाफ इस तरह की भीषण हिंसा पर आंखें मूंदे हुए हैं। हमें इस प्रशासन पर कोई भरोसा नहीं है। हम सीबीआई जांच की मांग करते हैं।''

सात गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी
पॉल और अन्य भाजपा नेताओं ने पुलिस लाइन के पास चौपटी में कुछ देर के लिए सड़क अवरुद्ध कर दिया और बाद में अपर पुलिस अधीक्षक और संबंधित महिला से मुलाकात की। हालांकि, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना घरेलू विवाद का मामला लग रहा है और प्राथमिकी में नामजद दस लोगों में से सात को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बाकी तीन को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता पार्थ प्रतीम रॉय ने भाजपा के दावों का खंडन करते हुए कहा कि वे कूचबिहार में लोकसभा चुनाव में हार के बाद पारिवारिक विवाद का राजनीतिकरण कर रहे हैं।

सरकार घटना से ध्यान भटका रही- सुकांत मजूमदार
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार घटना से ध्यान भटका रही है। मजूमदार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने निजी रूप से पीड़ित महिला से बात की है। हम कोलकाता में उसके इलाज की व्यवस्था कर रहे हैं।''

भाजपा बेबुनियाद आरोप लगा रही- TMC
तृणमूल के प्रवक्ता त्रिनंकुर भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा चुनावी हार के बाद बंगाल में शांति भंग करने और राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए हर छोटी-मोटी घटना का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘वे (भाजपा नेता) बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। हर दुर्भाग्यपूर्ण घटना में पुलिस कार्रवाई करती है और दोषियों को पकड़ती है। हालांकि, वे लोग (आरोपी) हमारी पार्टी से जुड़े नहीं हैं।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News