जिम्मेदार पदों पर आसीन महिलाएं अन्य महिलाओं की आगे बढ़ने में मदद करें: रेखा गुप्ता
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 04:46 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि जिम्मेदार पदों पर आसीन सक्षम महिलाओं को अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग और अवसर प्रदान करने चाहिए। राष्ट्रीय सेविका समिति द्वारा आयोजित 'भारती नारी से नारायणी: महिला विचारकों का राष्ट्रीय सम्मेलन' में गुप्ता ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि लड़कियों की अगली पीढ़ी को बेहतर अवसर मिलें, महिलाओं को मिलकर काम करना चाहिए।

गुप्ता ने कहा कि देश विकास कर रहा है और यह जरूरी है कि बेटियों को वह साहस एवं अवसर मिलें जो पहले कई महिलाओं को नहीं मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिम्मेदार पदों पर आसीन महिलाओं को उन अन्य महिलाओं का सहयोग करना चाहिए जिन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन, संसाधन और प्रोत्साहन की आवश्यकता है।

गुप्ता ने कहा, ''जब महिलाएं एक-दूसरे का हाथ थामकर साथ आगे बढ़ती हैं तो आने वाली पीढ़ियों के लिए आत्मविश्वास के साथ प्रगति करना आसान हो जाता है।'' मुख्यमंत्री ने दो दिन तक चर्चा आयोजित करने के लिए आयोजकों को बधाई दी और कहा कि इस तरह के मंच महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए दिशा और प्रेरणा प्रदान कर सकते हैं।
