भारतीय रेलवे की महिला टिकट चेकर ने बनाया रिकॉर्ड, जुर्माने में वसूले 1 करोड़ रुपए...जमकर हो रही तारीफ

punjabkesari.in Friday, Mar 24, 2023 - 01:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय रेल मंत्रालय ने हाल ही में एक महिला टिकट चेकर की तारीफ की है। दरअसल वह पहली ऐसी भारतीय महिला टीसी बनी हैं जिन्होंने यात्रियों से 1 करोड़ रुपए से ज्यादा का जुर्माना वसूल किया है। वह दक्षिणी रेलवे में प्रिंसिपल टिकट इंस्पेक्टर के तौर पर पदस्थ हैं। रेल मंत्रालय ट्विटर पर पोस्ट करके इस अचीवमेंट को हासिल करने पर उन्हें बधाई भी दी है। महिला टिकट चेकर रोजलिन अरोकिया मैरी का जिक्र करते हुए रेल मंत्रालय ने उन्हें बधाई दी है और ट्विटर पर फोटो शेयर करते हुए बधाई दी।

PunjabKesari

रेल मंत्रालय ने ट्वीट किया कि वह अपने कर्तव्यों के प्रति बहुत ही प्रतिबद्धता के साथ काम करती हैं। रेलवे ने अपने ट्वीट में ही रोजलिन अरोकिया मैरी के अचीवमेंट का जिक्र करते हुए लिखा कि वह भारत की पहली महिला टिकट चेकर बन गई हैं जिन्होंने टिकट जांच में 1.03 करोड़ रुपए वसूल किए हैं। बता दें कि रेलवे ने कुछ दिन पहले ही बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए टिकट चेकर की तारीफ की और बताया कि किसने कितने रुपए का जुर्माना वसूला। 

 

चेन्नई डिविजन में तीन टिकट चेकर्स छाए

चेन्नई डिविजन में तीन टिकट चेकर्स ने नया रिकॉर्ड बनाया है। रेलवे चेन्नई डिवीजन के चीफ टिकट इंस्पेक्टर एस. नंद कुमार ने एक साल में 27,787 लोगों की पकड़ा और उनसे कुल मिलाकर 1.55 करोड़ रुपए वसूल किए। सीनियर टिकट इंस्पेक्टर सक्थिवेल ने रेलवे नियमों के खिलाफ सामान ले जाने और बिना टिकट यात्रा करने वालों से 1.10 करोड़ रुपए वसूल किए हैं.

 

पश्चिम रेलवे भी पीछे नहीं

पश्चिम रेलवे में गुजरात के राजकोट मंडल तथा फ्लाइंग स्क्वायड के दो टिकट जांचकर्ता टिकट चेकिंग स्टाफ ने बिना टिकट/अनियमित यात्रियों से एक-एक करोड़ रुपए वसूल कर अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित की है।  मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि पश्चिम रेलवे में गुजरात के राजकोट मंडल के उप मुख्य टिकट निरीक्षक के. डी. ओझा ने चालू वित्त वर्ष 2022-23 में फरवरी 2023 तक 14,928 मामलों से 1.13 करोड़ रुपए का राजस्व जुर्माने के रूप में वसूल किया है। जबकि चर्चगेट के फ्लाइंग स्क्वायड में कार्यरत उप मुख्य टिकट निरीक्षक जाहिद कुरैशी ने जनवरी से दिसंबर, 2022 तक 13,116 मामलों का पता लगाने के साथ 1.06 करोड़ रुपए का राजस्व जुर्माने के रूप में वसूल किया है।

 

अहमदाबाद मंडल के वरिष्ठ टिकट परीक्षक अजमेर सिंह ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 17,806 मामलों से 93.47 लाख रुपए जुर्माने के रूप में वसूल किए हैं। ठाकुर ने बताया कि पश्चिम रेलवे की महिला टिकट चेकिंग स्टाफ इस क्षेत्र में अपने पुरुष समकक्षों से बहुत पीछे नहीं हैं। अहमदाबाद मंडल की उप मुख्य टिकट निरीक्षक श्रीमती शैल तिवारी फरवरी, 2023 तक 7,293 मामलों का पता लगाकर 54.70 लाख रुपए जुर्माने के रूप में वसूल करने वाली पश्चिम रेलवे की शीर्ष महिला कर्मचारी हैं। चर्चगेट के फ्लाइंग स्क्वाड में कार्यरत मुख्य टिकट निरीक्षक श्रीमती गीताबेन वसावा ने 7,085 मामलों से 51.19 लाख रुपए जुर्माने के रूप में वसूल किए हैं। बता दें कि पश्चिम रेलवे ने अप्रैल, 2022 से फरवरी, 2023 की अवधि के दौरान दर्ज 23.70 लाख मामलों से टिकट जांच राजस्व के रूप में 158.28 करोड़ रुपए अर्जित किए हैं, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 68.01 फीसदी अधिक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News