अप्रैल में GST से रिकॉर्डतोड़ कमाई, सरकार की झोली में आए 2.37 लाख करोड़ रुपए

punjabkesari.in Thursday, May 01, 2025 - 06:46 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सरकार की जीएसटी से कमाई अप्रैल महीने में अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है। वित्त वर्ष 2026 के पहले महीने में ही सरकार ने 2.37 लाख करोड़ रुपए का गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) कलेक्शन कर नया रिकॉर्ड बना दिया है। यह अब तक का सबसे ज्यादा मासिक GST कलेक्शन है। इससे पहले अप्रैल 2024 में 2.10 लाख करोड़ रुपए का संग्रह हुआ था। इस आंकड़े के साथ ही साल 2025 के पहले चार महीनों में सरकार की जीएसटी कमाई 8.13 लाख करोड़ रुपए हो गई है। यानी सरकार हर महीने औसतन 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर रही है।

PunjabKesari

घरेलू और इंपोर्ट से कमाई में जबरदस्त उछाल

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2025 में GST कलेक्शन में साल-दर-साल 12.6 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसमें घरेलू ट्रांजेक्शन से कमाई 10.7% बढ़कर लगभग 1.9 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई। वहीं, इंपोर्टेड वस्तुओं से रेवेन्यू 20.8% से बढ़कर 46,913 करोड़ रुपए हो गया। इतना ही नहीं अप्रैल महीने में जारी किए गए टैक्स रिफंड की राशि भी बढ़कर 27,341 करोड़ रुपए हो गई, जो सालाना आधार पर 48.3% ज्यादा है।

PunjabKesari

लगातार मजबूत हो रहा है GST सिस्टम

जानकारों के मुताबिक जीएसटी कलेक्शन में इस बढ़ोतरी के पीछे सरकार की दो बड़ी रणनीतियाँ रही हैं — टैक्स चोरी पर सख्ती और टैक्स नियमों को आसान बनाना। इन कदमों से व्यापारियों और कंपनियों को पारदर्शिता के साथ टैक्स भरने में आसानी हो रही है, जिससे सरकार की आय में सीधा फायदा हो रहा है। इसके अलावा डिजिटल भुगतान और रिटर्न फाइलिंग की प्रक्रिया को सरल और तेज़ बनाना भी इस ग्रोथ का बड़ा कारण है।

मार्च और फरवरी में भी अच्छा कलेक्शन

मार्च 2025 में भी जीएसटी कलेक्शन 9.9 फीसदी की सालाना बढ़त के साथ 1.96 लाख करोड़ रुपए पर पहुंचा था। फरवरी में कलेक्शन 9.1% बढ़कर 1.83 लाख करोड़ रुपए रहा। जनवरी में 1.96 लाख करोड़ रुपए और दिसंबर में 1.77 लाख करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ था। त्योहारी सीजन के बाद खपत में आई थोड़ी गिरावट के बावजूद नवंबर और दिसंबर में भी कलेक्शन में बढ़त बनी रही थी।

PunjabKesari

वित्त वर्ष 2026 का टारगेट भी बड़ा

सरकार ने वित्त वर्ष 2026 के लिए इनडायरेक्ट टैक्स कलेक्शन का टारगेट 17 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रखा है। इसमें से करीब 11.75 लाख करोड़ रुपए का लक्ष्य सिर्फ GST से रखा गया है। अप्रैल की शुरुआत जिस रिकॉर्ड स्तर से हुई है, उसे देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि सरकार अपने इस लक्ष्य को आसानी से पूरा कर सकती है। अप्रैल 2025 का GST कलेक्शन न सिर्फ सरकार के लिए उत्साहजनक संकेत है, बल्कि यह देश की मजबूत आर्थिक स्थिति और टैक्स सिस्टम में बढ़ती पारदर्शिता को भी दर्शाता है। अगर यही रफ्तार बनी रही, तो यह साल सरकार की राजस्व योजना के लिहाज से ऐतिहासिक साबित हो सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News