दक्षिण दिल्ली में महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की, 5 लाख रुपये देने का किया था वादा

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 12:18 AM (IST)

नेशनल डेस्क : दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक महिला ने घरेलू कलह, आर्थिक तंगी और मारपीट से तंग आकर प्रेमी के साथ मिलकर पति की कथित रूप से बेहरमी से हत्या कर दी। पत्नी ने इस साजिश में साथ देने के लिए प्रेमी को 20 हजार रुपये भी दिए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला ने पीड़ित मुन्ना लाल (55) को नींद की दवाई देने के बाद अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी पहले गला घोंटकर हत्या और फिर बिजली के झटके दिए और डंडे से वार किए। यह वारदात सोमवार को हुई थी। 

पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में संलिप्तता के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी पहचान मंजू उर्फ नाजिया (45) और उसका प्रेमी चमन (20) के तौर पर हुई है जबकि उनकी मदद करने वाले किशन (28) को पाबंद किया गया है। किशन ने चमन को शरण दी थी। दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि महिला ने अपने पति की हत्या की साजिश में मदद करने के लिए अपने प्रेमी को पांच लाख रुपये देने का वादा किया था, लेकिन उसे बाद में 20 हजार रुपये दिए। मित्तल ने कहा कि मृतक का बेटा घटना की रात कांवड़ यात्रा में भाग लेने के लिए बाहर गया हुआ था। वह आमतौर पर अपने पिता के साथ रहता था और उन्हें कभी अकेला नहीं छोड़ता था।

अधिकारी ने कहा कि दंपती की शादी को 22 साल हो गए थे और उनके तीन बच्चे हैं - दो बेटियां, एक बेटा। पुलिस को 10 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे संगम विहार के रतिया मार्ग इलाके में सड़क पर एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस की एक टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया, जहां मुन्ना लाल खून से लथपथ पड़ा हुआ था और उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे। उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

डीसीपी के अनुसार, जब पुलिस ने नाजिया से पूछताछ की, तो उसने यह दावा करके जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की कि चोर घर में घुस आए थे और जब उसने उनका मुकाबला किया तो उसके पति की हत्या कर दी और उस वक्त वह सो रही थी। हालाकि, जांच टीम ने उसके बयान में विसंगतियां देखीं और अपराध स्थल पर कई चीजें पाईं जो उसके बयान से असंगत थीं। पुलिस ने फर्श को साफ करने और खून के निशान हटाने के प्रयास भी देखे। डीसीपी ने बताया कि उसने ने चोरी की फर्जी कहानी को सही साबित करने के लिए घर के सामान को बिखेर दिया। घर के बाहर लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज से संदेह और गहरा गया। फुटेज में दिखा कि एक नकाबपोश व्यक्ति देर रात करीब 1.45 बजे घर में प्रवेश करता है और करीब 3.15 बजे निकलता है।

डीसीपी ने कहा, "जैसे ही हमने उससे और पूछताछ की, महिला टूट गई और उसने पूरा मामला कबूल कर लिया। उसने टीम को बताया कि उसने अपने प्रेमी चमन और उसके सहयोगी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी।" मित्तल ने बताया कि महिला ने चमन द्वारा दी गई नींद की गोलियों को पानी में मिलाकर मुन्ना को दी जिससे वह गहरी नींद में सो गया। डीसीपी ने कहा कि इसके बाद दोनों आरोपियों ने मुन्ना लाल का गला घोंटा, बिजली के झटके दिए और उस पर लकड़ी के डंडे से वार किए।

पुलिस के अनुसार, दंपति के घर के पास एक दुकान में मैकेनिक का काम करने वाले चमन का नाजिया के साथ प्रेम प्रसंग है। मित्तल ने बताया कि जांच से पता चला कि हत्या के पीछे कथित मकसद लगातार घरेलू विवाद, वित्तीय मुद्दे, पीड़ित द्वारा पत्नी के साथ मारपीट के साथ-साथ चमन के साथ महिला के संबंध थे। मुन्ना लाल प्रॉपर्टी डीलर था और आर्थिक रूप से संपन्न था, लेकिन नाजिया ने शिकायत की कि वह उसे पैसे नहीं दिए। पुलिस ने कहा कि इसके कारण दंपति के बीच अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस ने जांच के दौरान 15 हजार रुपये नकद बरामद किये। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News