दिल्ली लक्ष्मी योजना को मिला जोरदार रिस्पॉन्स, 5.14 लाख महिलाओं का रजिस्ट्रेशन; जाने प्रक्रिया
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 04:04 PM (IST)
नई दिल्ली: दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने वाली दिल्ली लक्ष्मी योजना को शुरुआत के महज एक सप्ताह में ही अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, योजना का पोर्टल शुरू होने के बाद सिर्फ 7 दिनों में 5.14 लाख से ज्यादा महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 2.18 लाख से अधिक आवेदन सफलतापूर्वक जमा भी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने योजना को मिल रहे रिस्पॉन्स पर खुशी जताते हुए कहा कि इतने कम समय में बड़ी संख्या में महिलाओं का योजना से जुड़ना उनके भरोसे को दर्शाता है। सरकार का कहना है कि योजना को दिल्ली की महिलाओं का मजबूत समर्थन मिल रहा है।
कितनी महिलाओं को मिलेगा लाभ?
सरकार की ओर से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में करीब 17 लाख महिलाएं इस योजना के लिए पात्र हैं। ऐसे में शुरुआती सात दिनों में 5.14 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन होना संभावित लाभार्थियों की संख्या के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, रजिस्ट्रेशन कराने वाली हर महिला को योजना का लाभ स्वतः नहीं मिलेगा। आवेदन जमा होने के बाद पात्रता और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और निर्धारित शर्तें पूरी करने वाली महिलाओं को ही सहायता मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
योजना के लिए कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
अगर आप योजना के लिए आवेदन करना चाहती हैं, तो ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। इसके बाद Apply/आवेदन विकल्प पर क्लिक करके नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के दौरान आवेदक को कुछ जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी, जिसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- आधार नंबर
- आधार के अनुसार नाम
- लिंग
- जन्म तिथि
- अन्य मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद आवेदक को Registration ID और Password मिलेगा। इन्हीं विवरणों की मदद से पोर्टल पर दोबारा लॉगिन करके आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ानी होगी।
रजिस्ट्रेशन के बाद क्या करना होगा?
लॉगिन करने के बाद आवेदक को योजना से जुड़ी पात्रता संबंधी जानकारी और सवालों के जवाब देने होंगे। इसके बाद व्यक्तिगत जानकारी, आधार से संबंधित विवरण और परिवार के सदस्यों की जानकारी भरनी होगी। आवेदन के अगले चरण में आधार से जुड़े बैंक खाते की जानकारी देनी होगी। इसके बाद पोर्टल पर मांगे गए जरूरी दस्तावेज निर्धारित फॉर्मेट में अपलोड करने होंगे।
MP/MLA के हस्ताक्षर वाला पत्र भी जरूरी
आवेदन प्रक्रिया के दौरान आवेदक को MP/MLA की मंजूरी वाला हस्ताक्षरित पत्र भी अपलोड करना होगा। सभी जानकारी और दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन को अंतिम रूप से सबमिट करने से पहले एक बार पूरी जानकारी अच्छी तरह जांच लेना जरूरी है। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद Acknowledgment Receipt जनरेट होगी। इसे डाउनलोड करके सुरक्षित रखना चाहिए, क्योंकि भविष्य में आवेदन की स्थिति देखने या किसी तरह की जरूरत पड़ने पर यह उपयोगी हो सकती है।
