दिल्ली में दिल दहला देने वाली घटना, महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने वाले युवक की हत्या
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 08:12 PM (IST)
नेशनल डेस्क : दिल्ली के भारत नगर में स्थित पार्क से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां महिला से छेड़छाड़़ का विरोध करने पर व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हमलावरों ने महिला पर भी चाकू से हमला किया है, पीड़िता को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पार्क में बैठे पुरुष और महिला के पास चार से पांच युवक पहुंचे और उन्होंने कथित तौर पर महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब पुरुष ने विरोध किया, तो उन्होंने दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया और मौके से भाग गए। घायलों को दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि घायल महिला की हालत पर नजर रखी जा रही है। घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके का निरीक्षण किया। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने और घटनाओं का क्रम स्थापित करने के लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। हमले के पीछे के सही मकसद का पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है।
