Heavy Rain Alert: कल से बदलेगा मौसम, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 08:31 PM (IST)
नेशनल डेस्कः उत्तर भारत समेत कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 16 फरवरी से मौसम का यह बदलाव स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा, जिसके चलते कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश और बर्फबारी के आसार
16 फरवरी से हिमालयी क्षेत्रों के मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसका प्रभाव 17 और 18 फरवरी को और अधिक देखने को मिल सकता है। 17 से 19 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद क्षेत्र में व्यापक असर रहेगा, जबकि 17 और 18 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कई स्थानों पर वर्षा और हिमपात हो सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा दिखाई दे सकता है। अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से अधिक है। 17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम का रुख
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 फरवरी की शाम से मौसम में परिवर्तन संभव है। कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
18 और 19 फरवरी को मध्य प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ मौसम बदलने की संभावना है। वहीं 16 और 17 फरवरी को निकोबार द्वीप समूह में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। 18 और 19 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी वर्षा हो सकती है।
उत्तर-पूर्व भारत में हल्की वर्षा के संकेत
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है, जबकि पश्चिमी भारत में इसके बाद 2 से 3 डिग्री की क्रमिक वृद्धि संभव है।
मध्य और दक्षिण भारत में बढ़ेगी गर्मी
मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में मौसम सामान्यतः साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं कोंकण और गोवा सहित तटीय इलाकों में तापमान में वृद्धि के चलते गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। 15 और 16 फरवरी को कोंकण और गोवा में तथा 16 और 17 फरवरी को तटीय कर्नाटक में गर्म व आर्द्र परिस्थितियां बनी रह सकती हैं, जिससे हीटवेव जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
