Heavy Rain Alert: 10 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, 50 किमी/घंटे की गति से चलेंगी हवाएं, IMD का अलर्ट

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 11:05 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग ने हाल ही में 10 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से लेकर पहाड़ी इलाकों तक वर्षा की संभावना जताई गई है।

पहाड़ों पर आंधी और मैदानों में फुहारें
हिमालयी क्षेत्रों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक मौसम काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। यहां 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है। वहीं मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में आज हल्की वर्षा लोगों को भिगो सकती है।

दिल्ली और UP में सर्दी का अहसास
देश की राजधानी में आज आसमान तो साफ रहेगा, लेकिन ठंडी हवाएं सिहरन पैदा करेंगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। वहीं उत्तर प्रदेश के हालात थोड़े अलग हैं, यहां कोहरे के साथ-साथ ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। राजधानी लखनऊ में दिन भर बादलों की आवाजाही रहेगी और रात तक हल्की बूंदाबांदी ठंड को और बढ़ा सकती है।

बिहार में फिलहाल राहत बरकरार
पड़ोसी राज्य बिहार में मौसम अभी स्थिर बना हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में 5 फरवरी तक बारिश के आसार नहीं हैं और धूप खिली रहेगी। हालांकि, सीमावर्ती जिलों में सुबह के समय चलने वाली पछुआ हवाएं कनकनी पैदा कर सकती हैं। पटना में आज दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News