Heavy Rain Alert: 11 फरवरी तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी, बढ़गी ठंड, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 09:02 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौट सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं, जिनका असर करीब 10 राज्यों में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के भीतर मौसम में बड़े बदलाव को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले 2 से 3 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। IMD ने 11 फरवरी तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।  

बारिश और घना कोहरा

IMD के अनुसार, इन पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से कई राज्यों में बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। दिल्ली में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गलन वाली ठंड बढ़ेगी। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो सकती है, वहीं उत्तराखंड में पाला पड़ने की आशंका जताई गई है। ऐसे में फरवरी का महीना भी ठंड के साथ गुजर सकता है।

8 फरवरी की रात से दिखेगा असर

मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तर-पूर्वी ईरान और उससे सटे अफगानिस्तान के क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके साथ ही पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के ऊपर 125 समुद्री मील प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम बह रही है। वहीं एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बदल जाएगा।

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान

7 फरवरी को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं 9 से 11 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश के आसार हैं।

दिल्ली समेत कई जिलों के लिए अलर्ट जारी

IMD के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश के मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से घना कोहरा देखने को मिला है और अब 11 फरवरी तक बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News