दिल्लीवाले हो जाएं सावधान! कल इन इलाकों में नहीं आएगा पानी, चेक करें पूरी लिस्ट
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 05:29 PM (IST)
नेशनल डेस्क : अगर आप राजधानी दिल्ली में रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने 10 फरवरी को शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहने की जानकारी दी है। वजह है अंडरग्राउंड रिजर्वायर और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों का वार्षिक फ्लशिंग और मेंटेनेंस कार्य।
DJB के मुताबिक, इस जरूरी रखरखाव के चलते कुछ इलाकों में पानी का प्रेशर कम रहेगा, जबकि कई जगहों पर सप्लाई पूरी तरह बाधित हो सकती है। ऐसे में जल बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे पहले से ही पर्याप्त पानी स्टोर कर लें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।
10 फरवरी को इन इलाकों में पानी की सप्लाई रहेगी प्रभावित
विपिन गार्डन, नवादा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, सिद्धार्थी एन्क्लेव, जैन रोड, शीशा गोदाम रोड, रामा पार्क, भगवती गार्डन, सैनिक विहार, रक्षा एन्क्लेव, दीवान एस्टेट, लक्ष्मी विहार, तिलक एन्क्लेव, डिफेंस एन्क्लेव, गुरुद्वारा रोड और आसपास के कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति कम या बंद रह सकती है। जल बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि आपात स्थिति में पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग ने होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए सहयोग की अपील की है।
मुंबई में भी पानी को लेकर परेशानी, 30 घंटे रहेगा शटडाउन
दिल्ली के साथ-साथ मुंबई के निवासियों के लिए भी पानी को लेकर बड़ी सूचना सामने आई है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने ऐलान किया है कि 12 फरवरी सुबह 2 बजे से 13 फरवरी सुबह 8 बजे तक पूर्वी उपनगरों के कई इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी।
यह शटडाउन पानी सप्लाई नेटवर्क के जरूरी अपग्रेड का हिस्सा है। इसका असर खासतौर पर एम ईस्ट वार्ड के 146, 147 और 148 तथा एम वेस्ट वार्ड के 154 और 155 क्षेत्रों पर पड़ेगा।
