Heavy Rain Alert: 25 नवंबर तक भारी बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी, बढ़ेगी ठंड़, IMD का इन राज्यों में अलर्ट
punjabkesari.in Friday, Nov 21, 2025 - 08:26 PM (IST)
नेशनल डेस्कः देशभर में मानसून के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। जहां कई राज्यों में झमाझम बारिश ने राहत पहुंचाई, वहीं कुछ जगहों पर लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। अब मानसून विदा हो चुका है और मौसम का रुख बदलने लगा है। कई राज्यों में ठंड दस्तक दे चुकी है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में बारिश का दौर अभी भी जारी है। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22, 23, 24 और 25 नवंबर को दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
आंध्रप्रदेश
इस बार मानसून ने आंध्रप्रदेश में अच्छी बारिश दी। मानसून जाते ही भी बारिश थमी नहीं है। IMD के अनुसार, 22 से 25 नवंबर तक आंध्रप्रदेश के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं।
कई जिलों में मूसलाधार बारिश
केरल में मानसून की शुरुआत से ही जोरदार बारिश हुई थी। अब मौसम फिर करवट ले रहा है। IMD का अनुमान है कि 22 से 25 नवंबर के बीच राज्य के कई जिलों में मूसलाधार बारिश होगी। इसके साथ बिजली चमकने और 40–50 किमी/घंटा की हवाएं चलने की संभावना है।
तेज़ हवाएं और गर्जन-तर्जन
तमिलनाडु में भी मानसून के बाद बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। IMD के अनुसार 22 से 25 नवंबर तक राज्य के कई जिलों में तेज बारिश होगी। कई स्थानों पर तेज़ हवाएं और गर्जन-तर्जन भी देखने को मिल सकती है। अंडमान-निकोबार से लेकर रायलसीमा तक अलर्ट IMD ने दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों के लिए भी चेतावनी जारी की है। अंडमान-निकोबार, यनम, रायलसीमा, लक्षद्वीप और माहे में अगले चार दिनों तक भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है।
उत्तर भारत: ठंड में बढ़ोतरी, तापमान गिरेगा
राजस्थान, दिल्ली, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र में मानसून के दौरान अच्छी बारिश हुई थी। अब इन राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में भी तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। IMD के अनुसार, 22 से 25 नवंबर के बीच इन राज्यों में ठंड का असर और बढ़ेगा।
