Heavy Rain Alert: इन 3 राज्यों में आज हो सकती है भारी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल
punjabkesari.in Saturday, Nov 08, 2025 - 12:35 PM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में गुलाबी सर्दी ने दस्तक दे दी है। इसके चलते दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। धीरे- धीरे बढ़ रही इस सर्दी के बीच IMD ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में शनिवार को तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। यह बारिश दक्षिणी प्रायद्वीप पर एक्टिव मौसम प्रणाली के कारण हो रही है। इस बारिश के कारण इन तीनों राज्यों में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है, जिससे अचानक ठंड बढ़ जाएगी। समुद्री किनारों पर रहने वाले मछुआरों को भी एहतियात बरतने और समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR का हाल
दिल्ली-एनसीआर के लोग इस समय गिरते तापमान और खतरनाक प्रदूषण की दोहरी मार झेल रहे हैं। शनिवार (8 नवंबर 2025) की सुबह न्यूनतम तापमान 11°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे है। दिन का अधिकतम तापमान 28.6°C के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह और शाम के समय चलने वाली हवाएं ठिठुरन को और बढ़ा रही हैं। लोगों को गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
प्रदूषण का हाल
दिल्ली की हवा खतरनाक बनी हुई है। CPCB के आंकड़ों के अनुसार शनिवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 335 दर्ज किया गया, जो Very Poor श्रेणी में आता है। हवा में PM2.5 की मात्रा काफी अधिक है, जिससे राष्ट्रीय राजधानी देश के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक बनी हुई है। नोएडा और गुरुग्राम जैसे एनसीआर के शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। सर्दी बढ़ने और हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषक कण जमीन की सतह के पास जमा हो रहे हैं, जिससे हवा जहरीली हो गई है।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का मौसम
उत्तर प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ रही है। हालांकि आज बारिश की कोई संभावना नहीं है। गिरते पारे के कारण ग्रामीण इलाकों और सुबह-शाम ठंड और कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। वहीं पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में तापमान तेजी से गिर रहा है। देहरादून में अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम तापमान 11°C तक पहुंच सकता है। ऊपरी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से ठंड और भी ज़्यादा बढ़ जाएगी, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।


