सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई गाड़ी, 2 लोगों की मौत, 12 अन्य घायल

punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 06:38 PM (IST)

राजस्थान : प्रदेश के श्रीगंगानगर जिले में बुधवार को सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से एक गाड़ी के टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार रायसिंहनगर क्षेत्र में सलेमपुरा-बाजूवाला मार्ग पर बजरी से लदे एक एक खड़े ट्रक से एक जीप जा टकरायी।

रामसिंहपुर के थानाधिकारी राम प्रताप वर्मा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे किस परिस्थिति में खड़ा था। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कश्मीर सिंह (65) और परमजीत कौर (50) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक कश्मीर सिंह को रायसिंहनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार गंभीर रूप से घायल परमजीत कौर को श्रीगंगानगर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक गंभीर रूप से घायल सात लोगों को उपचार के लिए श्रीगंगानगर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का रायसिंहनगर और श्रीगंगानगर के अस्पतालों में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक जीप रामदेवरा से पदमपुर की ओर जा रही थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News