सऊदी अरब के शायबा तेल क्षेत्र पर ड्रोन हमला, 2 लोगों की मौत व भारतीय नागरिक घायल

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 02:42 PM (IST)

Riyadh: सऊदी अरब में शायबा तेल क्षेत्र पर ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने इस खाड़ी देश के अहम बुनियादी ढांचे पर हमले तेज कर दिए हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि वह सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और बुधवार को हुई इस घटना के बारे में अधिक जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ''दूतावास को पता चला है कि शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है।'' दूतावास ने कहा कि वह घायल भारतीय नागरिक को हर जरूरी सहायता मुहैया कराएगा। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, बुधवार सुबह हवाई रक्षा प्रणालियों ने एक ड्रोन को उस समय रोक दिया, जब वह सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र की एक इकाई को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था।

 

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ''शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाने की कोशिश नाकाम कर दी गई। ड्रोन को रोके जाने के बाद उसके छर्रे गिरने से दो स्थानीय निवासियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।'' सरकारी समाचार एजेंसी सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) ने ऊर्जा मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि ड्रोन को बीच में ही रोकने के दौरान तेल क्षेत्र में काम करने वाले एक ठेकेदार के वाहन में आग लग गई। यह वाहन तेल क्षेत्र की परिधि के बाहर था। एजेंसी के अनुसार, इस घटना का तेल क्षेत्र के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। मंत्रालय ने बताया कि घटना में दो स्थानीय निवासियों की मौत हुई, जिनमें एक फिलीपीन और एक नेपाली नागरिक था। वहीं, पाकिस्तान और भारत के एक-एक नागरिक घायल हुए। मंत्रालय ने कहा कि संबंधित अधिकारियों ने घटना पर कार्रवाई की और जरूरी कदम उठाए। शायबा सऊदी अरब के दक्षिण-पूर्व में स्थित रुब-अल-खाली रेगिस्तान में एक प्रमुख तेल क्षेत्र है।

 

यह संयुक्त अरब अमीरात की सीमा के पास स्थित है और सरकारी कंपनी सऊदी अरामको इसका संचालन करती है। यह तेल क्षेत्र सऊदी अरब के तेल उत्पादन से जुड़े अहम बुनियादी ढांचे का हिस्सा है। सऊदी अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से यह नहीं बताया है कि हमले की कोशिश के पीछे कौन था। हालांकि, यह घटना हूती विद्रोहियों की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों का नया दौर शुरू किए जाने के बीच हुई है। विद्रोहियों ने सऊदी अरब के खिलाफ अपनी शत्रुतापूर्ण गतिविधियां तेज कर दी हैं और हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों तथा अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया है। हूती विद्रोही यमन के उत्तरी हिस्से के बड़े क्षेत्र पर नियंत्रण रखते हैं। वे यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के साथ लंबे समय से संघर्ष में हैं। इस सरकार को सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन का समर्थन प्राप्त है। शायबा की घटना से पहले इसी महीने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी एक घातक हमला हुआ था। उस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। भारत ने सऊदी अरब पर हुए हमलों, खासकर नागरिक प्रतिष्ठानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। भारत ने शत्रुता तत्काल समाप्त करने की अपील भी की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News