गुजरात में 2 दर्दनाक हादसे, मां-बेटी समेत 5 लोगों की मौत

punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 10:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क : गुजरात के वडोदरा और सूरत जिलों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में मां-बेटी सहित पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस निरीक्षक जे के डांगर ने बताया कि पहले हादसे में, बुधवार सुबह एक कार के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकरा जाने के कारण एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।

प्राथमिकी के अनुसार, यह दुर्घटना वडोदरा जिले के महापुरा गांव की सीमा की भीतर उस समय हुई जब एक कार एक्सप्रेसवे की आपातकालीन लेन में खड़े एक ट्रक से टकरा गई। कार प्रिंगेश पारिख नामक व्यक्ति चला रहा था। आशंका जताई गई है कि कार चलाते समय पारिख को झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान पारिख की पत्नी मीनल और उनकी चार वर्षीय बेटी समैरा के रूप में हुई है। यह परिवार एक मंदिर में दर्शन करने के बाद राजस्थान स्थित पैतृक निवास स्थान से मुंबई स्थित अपने घर की ओर जा रहा था। वहीं, एक अन्य सड़क हादसा सूरत जिले में किम शहर में हुआ।

उप पुलिस अधीक्षक बी के वनार ने कहा, ''मंगलवार रात कुद्सद रेलवे फ्लाईओवर पर तेज गति से गुजर रही मोटरसाइकिल एक मोड़ पर सुरक्षा दीवार से टकरा गई, जिससे उस पर सवार तीन युवक 60 फुट ऊंचे पुल से नीचे गिर गए जिससे उनकी मौत हो गई।" अधिकारी के ने बताया कि मृतकों की पहचान विकास हरीलाल वर्मा (19), सौरभ यादव (18) और विकास छोटूलाल वर्मा (26) के रूप में हुई है जबकि मोटरसाइकिल चला रहा अभिषेक वर्मा हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News