वाघेला का दावा- कांग्रेस ने BJP से ली गुजरात चुनाव हारने की ‘सुपारी’

punjabkesari.in Sunday, Dec 10, 2017 - 06:39 PM (IST)

गांधीनगर: गुजरात में दो मुख्य राजनीतिक दलों का नेतृत्व कर चुके पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर भाजपा से हार रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को राज्य विधानसभा चुनावों में बहुमत मिलेगा। इस साल कांग्रेस छोडऩे वाले वाघेला का मानना है कि मुख्य विपक्षी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने विधानसभा चुनाव हारने के लिये भाजपा से ‘सुपारी’ ली है और घोषणा की कि सत्तारूढ़ भाजपा राज्य विधानसभा चुनावों में स्पष्ट बहुमत हासिल करेगी।  

हार्दिक पटेल बन जाएंगे ‘इतिहास’ 
छह बार के सांसद वाघेला ने चुनाव से कुछ महीने पहले अपना संगठन जन विकल्प मोर्चा बनाने के लिये कांग्रेस छोड़ी थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पाटीदार नेता हार्दिक पटेल इस चुनाव के बाद ‘इतिहास’ बन जाएंगे। वाघेला अलग-अलग समय में राज्य में कांग्रेस और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। 77 वर्षीय वाघेला ने कहा कि अगर कांग्रेस ने पहले से इसकी तैयारी शुरू कर दी होती तो वह चुनाव जीत सकती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा का गुजरात में मजबूत संगठन है और पार्टी कार्यकर्ताओं का बड़ा आधार है। अगर आपको उन्हें चुनौती देनी है तो आपको चुनाव से कम से कम छह महीने पहले जमीनी काम शुरू करने की आवश्यकता है। 

भाजपा 110 से अधिक सीटें हासिल करेगी 
वाघेला ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से कहा था कि पार्टी 90 से अधिक सीटें जीत सकती है और सरकार बनाने में सक्षम हो सकती है। मैंने उन्हें यह भी स्पष्ट किया कि मैं मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहता हूं। उन्होंने भी मुझे आश्वस्त किया कि वह दिल्ली में मेरे मित्र हैं और राज्य में पार्टी को चलाने में मेरी मदद करेंगे। पूर्व कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पार्टी आला कमान में कुछ नेता नहीं चाहते हैं कि पार्टी चुनाव जीते। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 110 से अधिक सीटें हासिल करेगी और राज्य में सरकार बनाएगी। वाघेला ने कहा कि भाजपा राजनीतिक प्रबंधन में बेहद शातिर है और कांग्रेस ने जमीनी कार्य नहीं करके उस तथ्य की अनदेखी की। उन्होंने भाजपा में वापस जाने की संभावना से भी इंकार किया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News