UGC Rules: UGC ने किया बड़ा बदलाव, अब एक साथ ली गई दोनों डिग्रियां होंगी मान्य, लाखों छात्रों को राहत
punjabkesari.in Saturday, Jun 07, 2025 - 07:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क: UGC (यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन) ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए दोहरी डिग्री को लेकर पुराने नियमों में बदलाव कर दिया है। इससे लाखों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, खासतौर पर उन्हें, जिन्होंने 2022 से पहले भी एक साथ दो कोर्स किए थे।
पुराने नियमों पर फिरा पानी – अब मान्य हैं ड्यूल डिग्रियां
पहले तक UGC की गाइडलाइन ये कहती थी कि एक छात्र एक समय में केवल एक ही डिग्री कोर्स कर सकता है। 2022 में इसमें थोड़ी राहत दी गई थी, लेकिन वह भी केवल 13 अप्रैल 2022 के बाद से लागू थी। इसका सीधा मतलब था कि उससे पहले की ड्यूल डिग्रियां मान्य नहीं मानी जाती थीं। लेकिन अब, UGC ने अपनी 2022 की गाइडलाइन में बदलाव करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि 2022 से पहले की दोहरी डिग्रियां भी अब मान्य होंगी।
UGC की संशोधित गाइडलाइन – क्या हैं नए नियम?
नई गाइडलाइन के अनुसार:
-
छात्र एक ही समय में दो डिग्रियों की पढ़ाई कर सकते हैं, बशर्ते दोनों कोर्स के क्लास टाइमिंग अलग-अलग हों।
-
एक कोर्स रेगुलर (फिजिकल) मोड में हो सकता है, जबकि दूसरा ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) या ऑनलाइन मोड में।
-
छात्र चाहें तो दोनों कोर्स ODL या ऑनलाइन मोड में भी कर सकते हैं।
यह नियम उन सभी छात्रों पर भी लागू होगा, जिन्होंने 2022 से पहले यह व्यवस्था अपनाई थी। यानी अब उनका भविष्य अटकने वाला नहीं है।
छात्रों की मेहनत को अब मिलेगा न्याय
बहुत से छात्रों ने मेहनत और समर्पण के साथ एक साथ दो कोर्स किए थे, लेकिन उन्हें हमेशा यह डर सताता था कि कहीं उनकी डिग्रियों को नकार न दिया जाए। अब, UGC के इस फैसले से उनकी चिंताएं खत्म हो जाएंगी। चाहे वह नौकरी हो, उच्च शिक्षा हो या प्रतियोगी परीक्षा — दोनों डिग्रियों को पूरी मान्यता मिलेगी।
आधिकारिक नोटिफिकेशन और अधिक जानकारी
UGC ने यह संशोधित गाइडलाइन अपनी वेबसाइट ugc.gov.in पर आधिकारिक रूप से जारी कर दी है। छात्र इस नोटिफिकेशन को पढ़कर स्पष्टता पा सकते हैं कि वे किस प्रकार की डिग्री के साथ आगे बढ़ सकते हैं।