India's First Bullet Train Photo: ऐसी दिखेगी भारत की पहली बुलेट ट्रेन, सामने आई पहली तस्वीर
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 12:43 AM (IST)
नेशनल डेस्कः भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतज़ार कर रहे करोड़ों लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। सोशल मीडिया पर इन दिनों बुलेट ट्रेन की एक "फ्यूचरिस्टिक" तस्वीर तेज़ी से वायरल हो रही है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। इस ट्रेन के भगवा और सफेद रंग के शानदार डिजाइन को देखकर लोग इसे "रफ़्तार की रानी" कह रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यही वह हाई-स्पीड ट्रेन है जो जल्द ही भारतीय पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी।
वंदे भारत से भी आधुनिक है लुक
सामने आई तस्वीरों में ट्रेन का डिज़ाइन बेहद आधुनिक और एयरोडायनामिक (Aerodynamic) दिखाई दे रहा है। ट्रेन के आगे के हिस्से को काफी "स्लीक" बनाया गया है ताकि तेज़ रफ़्तार के दौरान हवा का दबाव कम किया जा सके। हालांकि भगवा, काले और सफेद रंग का मेल वंदे भारत ट्रेन की याद दिलाता है, लेकिन सोशल मीडिया यूज़र्स का मानना है कि लुक के मामले में बुलेट ट्रेन काफी आगे निकल गई है।
15 अगस्त 2027: रेल इतिहास का सबसे बड़ा दिन
भारत की इस सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर तारीख भी साफ हो गई है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को 15 अगस्त, 2027 को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। एक बार यह ट्रेन शुरू हो गई, तो मुंबई से अहमदाबाद के बीच का लंबा सफफ़र महज दो घंटे में सिमट जाएगा।
सुरंग निर्माण में मिली बड़ी कामयाबी
बुलेट ट्रेन परियोजना अब केवल कागजों पर नहीं बल्कि ज़मीन पर तेज़ी से उतर रही है। हाल ही में नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने मुंबई के विक्रोली में पहली टनल बोरिंग मशीन (TBM) का कटरहेड उतारकर सुरंग निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इसी तकनीकी कामयाबी के अगले ही दिन बुलेट ट्रेन की यह पहली झलक सामने आई है।
BREAKING: First look at India’s Bullet Train 🇮🇳🚄
— Jharkhand Rail Users (@JharkhandRail) May 18, 2026
The first official image of the proposed train for the Mumbai–Ahmedabad High Speed Rail Corridor is now displayed at Gate No.4 : @RailMinIndia #IndianRailways pic.twitter.com/l1e4PJ7K4g
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस: 'भारत की शान' बनाम 'किराया कितना?'
जहां एक ओर लोग इस ट्रेन को "भारत की शान" बता रहे हैं और हाईटेक रेल नेटवर्क का स्वागत कर रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स ने सवाल भी उठाए हैं। सोशल मीडिया पर कई लोग इसके किराये को लेकर उत्सुक हैं, तो कुछ का कहना है कि बुलेट ट्रेन के साथ-साथ जनरल कोचों की स्थिति में भी सुधार होना चाहिए।
