ईंधन बचाने की पीएम मोदी की अपील को मिला बॉलीवुड का साथ, Vande Bharat ट्रेन से सफर करते दिखे अनुपम खेर, देखें वीडियो
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 11:29 AM (IST)
नेशनल डेस्क : देश में ईंधन संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल यात्रा आदतों को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई अपील को बॉलीवुड का भी साथ मिलने लगा है। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने पीएम मोदी की इस मुहीम का समर्थन करते हुए खुद कार के बजाय ट्रेन से सफर करने का फैसला किया। अभिनेता ने जयपुर से नई दिल्ली तक की अपनी यात्रा 'वंदे भारत' ट्रेन से पूरी की और फैंस से भी इसमें योगदान देने का आग्रह किया। अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर इस यात्रा का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा "प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की देश के लिए मुहिम में मेरा एक छोटा सा प्रयास! जय हिंद!"
<
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की देश के लिए मुहिम में मेरा एक छोटा सा प्रयास! जय हिन्द! ❤️🇮🇳 @narendramodi @RailMinIndia pic.twitter.com/Gq5LATwtxW
— Anupam Kher (@AnupamPKher) May 18, 2026
>
यह कोई बड़ा बलिदान नहीं, बस एक छोटी सी आदत
वीडियो में अनुपम खेर ने देशवासियों से सार्वजनिक परिवहन (Public Transport) और कारपूलिंग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से अपील की है कि हम सभी को पेट्रोल और डीजल बचाने का प्रयास करना चाहिए। जहाँ भी संभव हो, हमें पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि कम दूरी की यात्राओं के लिए अपनी निजी कार निकालने से बचना चाहिए। अभिनेता के मुताबिक, "आज के समय में एक जिम्मेदार नागरिक होने का मतलब सिर्फ बातें करना नहीं है, बल्कि अपनी आदतों में छोटे-छोटे बदलाव लाना है। अगर दो लोग एक ही कार में जा सकते हैं, तो दो अलग गाड़ियां निकालने की क्या जरूरत है?"
देश सेवा सिर्फ सरहद तक सीमित नहीं
ट्रेन में सफर के दौरान अभिनेता ने भावुक होते हुए कहा कि देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना कोई बहुत बड़ा बलिदान नहीं है, बल्कि हमारे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश सेवा सिर्फ सीमाओं (बॉर्डर) तक सीमित नहीं है, इसे हम अपनी रोजमर्रा की जिंदगी और छोटे-छोटे फैसलों में भी शामिल कर सकते हैं।
