Tesla का भारत में खुला पहला शोरूम: मुंबई के BKC में हर महीने चुकाएगी ₹35 लाख किराया
punjabkesari.in Tuesday, Jul 15, 2025 - 11:38 AM (IST)

मुंबई: भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की दुनिया में आज एक नया इतिहास रचा गया है। दुनिया की सबसे चर्चित ईवी कंपनी Tesla ने आखिरकार मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित Maker Maxity Mall में अपना पहला आधिकारिक शोरूम खोल दिया है। लंबे समय से भारतीय बाजार में एंट्री को लेकर बनी अटकलों को विराम देते हुए, यह एलन मस्क की कंपनी का देश में पहला बड़ा कदम है।
दिग्गज अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला (Tesla) ने भारत में अपने पहले शोरूम के लिए मुंबई के पॉश बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) इलाके में 4,000 वर्ग फुट जगह किराए पर लिया है।
₹35 लाख मासिक किराया, हर साल होगा इजाफा
इस प्रॉपर्टी के लिए टेस्ला हर महीने ₹35 लाख से अधिक किराया देगी, जो कि सालाना 5% की दर से बढ़ेगा। पांच साल की लीज के अंत तक यह किराया लगभग ₹43 लाख प्रति माह तक पहुंच जाएगा। दस्तावेजों के अनुसार, प्रति वर्ग फुट शुरुआती किराया ₹881 है।
#WATCH | Tesla is all set to mark its official entry into the Indian market with the launch of its first showroom in Mumbai today
— ANI (@ANI) July 15, 2025
The electric vehicle (EV) giant is opening its India showroom at the Maker Maxity Mall in the city's Bandra Kurla Complex (BKC) pic.twitter.com/6p0EmgrsHS
ग्राउंड फ्लोर पर मिलेगा प्रीमियम स्पेस
यह प्रॉपर्टी मेकर मैक्सिटी (Maker Maxity) बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित है और भारत के पहले एप्पल स्टोर के बेहद करीब है। इस लोकेशन के साथ टेस्ला मुंबई के एलीट मार्केट में अपनी जगह बना रही है। किराए में कुछ पार्किंग स्थल भी शामिल हैं।
₹2.11 करोड़ की सुरक्षा राशि
कंपनी ने इस प्रॉपर्टी के लिए मालिक यूनिवको प्रॉपर्टीज़ (Univco Properties) के साथ लीज एग्रीमेंट साइन किया है। दस्तावेजों के अनुसार, ₹2.11 करोड़ की सिक्योरिटी डिपॉजिट पहले ही जमा कर दी गई है। यह करार टेस्ला की पुणे स्थित सब्सिडियरी और यूनिवको प्रॉपर्टीज़ के बीच 27 फरवरी को दर्ज हुआ था।
भारत में Tesla की शुरुआत Model Y से
टेस्ला की पहली पेशकश भारत में है उसकी पॉपुलर इलेक्ट्रिक SUV Model Y। शोरूम में फिलहाल इसके दो वेरिएंट्स उपलब्ध हैं:
Model Y Rear-Wheel Drive – कीमत लगभग ₹60 लाख
Model Y Long Range RWD – कीमत लगभग ₹68 लाख
इन कारों को सीधे चीन के शंघाई स्थित गीगाफैक्ट्री (Gigafactory) से इंपोर्ट किया गया है।
क्यों महंगी है Tesla भारत में?
हालांकि टेस्ला के ग्लोबल मॉडल्स की तुलना में भारत में कीमतें काफी ज्यादा हैं। इसका मुख्य कारण है भारी इंपोर्ट ड्यूटी। भारत में पूरी तरह से निर्मित कारों (CBU यूनिट्स) पर 70% तक टैक्स लगता है। Tesla को प्रत्येक कार पर लगभग ₹21 लाख से ज्यादा टैक्स चुकाना पड़ रहा है, जिससे इसकी कीमतें आसमान छू रही हैं।
चार्जिंग की चिंता नहीं – सुपरचार्जर भी इंपोर्ट
कंपनी ने भारत में अपने कस्टमर्स की सुविधा के लिए अमेरिका और चीन से $1 मिलियन (करीब ₹8.3 करोड़) के चार्जिंग उपकरण और एक्सेसरीज भी इंपोर्ट की हैं। शुरुआती चरण में ये सुपरचार्जिंग स्टेशन मुंबई और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगाए जाएंगे, जिससे ग्राहकों को बेहतर चार्जिंग सुविधा मिल सके।
BYD से होगी टक्कर, लेकिन नजरें भविष्य पर
Tesla को भारत में सीधे टक्कर मिलेगी BYD जैसी पहले से स्थापित ईवी कंपनियों से। BYD की मजबूत पकड़ और भारतीय उपभोक्ताओं की किफायती पसंद को देखते हुए, Tesla को अपनी जगह बनाने के लिए स्मार्ट रणनीति अपनानी होगी।
सोशल मीडिया से मिली एंट्री की झलक
Tesla India के आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से कुछ हफ्ते पहले “Coming Soon” का एक टीज़र शेयर किया गया था, जिसने जुलाई में एंट्री के संकेत दिए थे। अब यह संकेत हकीकत में बदल चुका है।