Cold Wave Alert: अगले 72 घंटों में चलेगी तेज हवाएं और घना कोहरा, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD का इन राज्यों में अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Jan 05, 2026 - 11:09 AM (IST)
नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में सुबह और शाम के समय ठंड काफी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 72 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड और तेज होने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश के आसार नहीं हैं।
पिछले 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटों के दौरान दुर्ग जिले में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह इलाका सबसे गर्म रहा। वहीं, पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जहां ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। इस दौरान राज्य के किसी भी जिले में बारिश नहीं हुई।
राजधानी रायपुर का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में 5 जनवरी की सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है। यहां अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रायपुर शहर में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एयरपोर्ट क्षेत्र में दिन का तापमान 26.0 डिग्री और रात का तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
अन्य शहरों में तापमान
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पेंड्रा रोड में दिन का तापमान 20.4 डिग्री और रात का तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री और न्यूनतम 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
जगदलपुर में दिन का तापमान 28.2 डिग्री और रात का तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दुर्ग जिले में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, हालांकि न्यूनतम तापमान के आंकड़े उपलब्ध नहीं हो पाए।
आने वाले दिनों का अनुमान
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में खासतौर पर रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में ठंड का असर ज्यादा रहेगा। लोगों को सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव करने की सलाह दी गई है।
