Cold Wave Alert: IMD ने इन 5 राज्यों में अगले 7 दिन के लिए जारी किया शीतलहर का अलर्ट, पड़ेगी और अधिक कड़ाके की ठंड
punjabkesari.in Saturday, Jan 03, 2026 - 05:48 PM (IST)
नेशनल डेस्क: नए साल के आगमन के साथ ही देश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट देखने को मिली है और ठंड ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है। मौसम की इस बदलती चाल के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिन के लिए कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज हो सकता है।
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड
IMD ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में अगले सात दिन शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ जाएगा।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का खतरा
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी अगले सात दिन शीतलहर के साथ कई स्थानों पर बर्फबारी का अलर्ट है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन इलाकों में ठंड का असर बेहद तेज होगा और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी ठंड का असर
बिहार, झारखंड, ओडिशा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में अगले सात दिन शीतलहर का प्रभाव रहेगा। वहीं अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, असम, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में भी शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। इन राज्यों के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है।
मध्य और दक्षिण भारत पर भी असर
IMD ने मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश के लिए भी अगले सात दिन के लिए ठंड का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों के विभिन्न जिलों में ठंडक बढ़ने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का सुझाव है कि लोग ठंड के मौसम में उचित सावधानी बरतें, गर्म कपड़े पहनें और कोहरे और बर्फबारी वाले इलाकों में यात्रा करते समय सतर्क रहें।
