Heavy Rain Alert: भारी बारिश के साथ घने कोहरे की चेतावनी, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD का इन राज्यों में अलर्ट
punjabkesari.in Thursday, Jan 01, 2026 - 04:46 PM (IST)
नेशनल डेस्क : नए साल के पहले दिन देश के मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से दिल्ली-NCR सहित कई राज्यों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में भारी बारिश और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
पहाड़ों में बर्फवारी से दिल्ली में बढ़ी ठिठुरन
कश्मीर की वादियों में 'चिल्ला-ए-कलां' (भीषण ठंड का 40 दिनों का दौर) के बीच नए साल का स्वागत बर्फबारी से हुआ। गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों पर ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। वहीं दिल्ली में गुरुवार को हल्की बारिश और बादलों की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे गिरकर 14.2°C रहा, जो पिछले 6 साल का सबसे ठंडा दिसंबर-जनवरी का दौर बताया जा रहा है।

मुंबई में बेमौसम बारिश ने चौंकाया
आमतौर पर जनवरी में शुष्क रहने वाली मुंबई में नए साल की सुबह तेज बारिश के साथ हुई। सुबह 6 बजे से पहले शुरू हुई इस बारिश ने वित्तीय राजधानी के कई हिस्सों को भिगो दिया, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
IMD ने 7 दिनों के लिए इन जगाहों के लिए जताई कोहरे की चेतावनी
- घना कोहरा: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक 'घना से बहुत घना' कोहरा छाए रहने की संभावना है।
- शीतलहर (Cold Wave): दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में 3 से 5 जनवरी के बीच शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है। राजस्थान में 4 से 7 जनवरी तक शीतलहर चलने का अनुमान है।
- कोल्ड डे (Cold Day): बिहार में 1 से 3 जनवरी के बीच भीषण 'शीत दिवस' की स्थिति बनी रह सकती है।
