CWC की टीम में शशि थरूर को मिली जगह, G-23 ग्रुप में थे शामिल...बोले-सम्मानित महसूस कर रहा हूं

punjabkesari.in Sunday, Aug 20, 2023 - 04:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खरगे को चुनौती देने वाले लोकसभा सदस्य शशि थरूर को पार्टी की नवगठित कांग्रेस कार्य समिति (CWC) में शामिल किया गया है। CWC का हिस्सा बनने के बाद थरूर ने रविवार को कहा कि वह कार्य समिति में नामित करने के खड़गे और केंद्रीय नेतृत्व के फैसले से खुद को सम्मानित महसूस करते हैं। खड़गे ने रविवार को पार्टी की शीर्ष नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्य समिति (CWC) का पुनर्नठन किया, जिसमें 39 सदस्य, 32 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 13 विशेष आमंत्रित सदस्य (चार पदेन सदस्यों समेत) हैं।

PunjabKesari

थरूर ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "मुझे कार्य समिति में नामित करने के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी और केंद्रीय नेतृत्व के फैसले से मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं पिछले 138 वर्षों में पार्टी के मार्गदर्शन में CWC द्वारा निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका से अवगत हूं। मैं अपने समर्पित सहयोगियों के साथ पार्टी की सेवा करने के अवसर को लेकर उत्सुक हूं।'' उन्होंने कहा, "हममें से कोई भी उन लाखों प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं के बिना कुछ भी हासिल नहीं कर सकता जो पार्टी के प्राण हैं। आज सबसे पहले, मैं उन्हें नमन करता हूं। अनगिनत भारतीय जो अधिक समावेशी और स्वीकार्य भारत चाहते हैं, वे हमारे द्वारा सर्वश्रेष्ठ योगदान के हकदार हैं।''

 

थरूर उन 23 नेताओं के समूह का हिस्सा थे जिन्होंने करीब तीन साल पहले सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस के नेतृत्व पर सवाल उठाए थे। खड़गे ने पिछले साल अक्तूबर में हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में थरूर को 6,825 मतों के अंतर से पराजित किया। खड़गे को 7,897 वोट मिले थे तथा थरूर को 1,072 वोट हासिल हुए थे। उस चुनाव में 9,385 वोट पड़े थे और इनमें से 416 वोट अवैध करार दिए गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News