मंडल रेल प्रबंधक संजय साहू ने सभी कर्मचारियों को हिंदी में प्रयोग-प्रसार पर दिया बल
punjabkesari.in Wednesday, Sep 20, 2023 - 07:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क: संजय साहू, मंडल रेल प्रबंधक फिरोजपुर की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति, फिरोजपुर की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में यशवीर सिंह गुलेरिया, अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक/ओपी, बलबीर सिंह अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा, शाखा अधिकारियों एवं मुख्य कार्यालय अधीक्षकों ने भाग लिया। बैठक में हिंदी दिवस के अवसर पर प्राप्त गृह मंत्री का सन्देश पढ़ कर सुनाया गया।
इसके पश्चात् सुनील बडोनी, सहायक कार्मिक अधिकारी द्वारा राजभाषा विभाग द्वारा किए गये विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी गई तथा कार्यसूची की मानक मदों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य मंडल में सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने सभी रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को हिंदी के प्रयोग-प्रसार पर बल देते हुए ई-ऑफिस में हिंदी में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। वरिष्ठ अनुवादक अंजली शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।