Antibiotic: सावधान! बार-बार एंटीबायोटिक लेने से पहले जानें जरूरी बातें, नहीं तो सेहत पर पड़ सकता है बुरा असर
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 06:27 PM (IST)
नेशनल डेस्कः आज के समय में लोग छोटी-सी बीमारी में भी एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन कर लेते हैं, लेकिन विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि इसका बार-बार इस्तेमाल आंतों की सेहत को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। आरएमएल हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार, एंटीबायोटिक दवाएं केवल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण को ठीक करने के लिए होती हैं। लेकिन इन्हें जरूरत से ज्यादा या बिना डॉक्टर की सलाह के लेने से आंतों में मौजूद “अच्छे” और “बुरे” बैक्टीरिया का संतुलन बिगड़ सकता है।
गट हेल्थ यानी आंतों की सेहत, हमारे शरीर के लिए बेहद अहम है। आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया न केवल भोजन को पचाने और पोषक तत्वों को अवशोषित करने में मदद करते हैं, बल्कि इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखने में भी योगदान देते हैं। डॉ. गिरि बताते हैं कि बार-बार एंटीबायोटिक लेने से माइक्रोबायोम असंतुलित हो सकता है, जिससे पाचन संबंधी समस्याएं जैसे गैस, पेट दर्द, दस्त या सूजन बढ़ सकती हैं। लंबे समय तक इसका सेवन शरीर की इम्यूनिटी को कमजोर कर सकता है और जरूरी पोषक तत्वों के अवशोषण में बाधा डाल सकता है।
एंटीबायोटिक से गट हेल्थ को नुकसान होने के लक्षण
- पेट में गड़बड़ी या लगातार दस्त
- गैस और पेट फूलना
- मितली या भूख कम लगना
- बार-बार संक्रमण होना
- लगातार थकान महसूस होना
क्या करें?
- एंटीबायोटिक केवल डॉक्टर की सलाह पर ही लें और पूरा कोर्स पूरा करें।
- दवा के दौरान और बाद में संतुलित आहार लें, जिसमें दही, छाछ और फाइबर युक्त भोजन शामिल हो।
- पर्याप्त पानी पिएं और अनावश्यक दवाओं से बचें।
- किसी भी लक्षण या समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
