चांदी गिरवी रखकर लोन लेना है? इन जरूरी बातों को न करें नजरअंदाज

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 11:49 AM (IST)

नेशनल डेस्क : अचानक आने वाली आर्थिक परेशानी से कोई भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं होता। ऐसी स्थिति में लोगों को तुरंत पैसों की जरूरत पड़ती है और अक्सर उनके पास सबसे आसान विकल्प होता है, अपने पास रखी चांदी या सोना गिरवी रखना या बेचना। हालांकि, यह कदम हर कोई आखिरी विकल्प के तौर पर ही उठाना चाहता है। अगर आप भी कभी ऐसी स्थिति में चांदी गिरवी रखने की सोचें, तो पहले कुछ जरूरी बातों को समझ लेना बेहद जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।

चांदी गिरवी रखने पर कितना मिल सकता है लोन?

जब आप चांदी गिरवी रखते हैं, तो यह समझना जरूरी है कि आपको उसकी पूरी कीमत के बराबर लोन नहीं मिलता। आमतौर पर बैंक या फाइनेंस कंपनियां चांदी की मौजूदा बाजार कीमत का लगभग 75% से 85% तक ही लोन देती हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर आपकी चांदी की कीमत 50,000 रुपये है, तो आपको पूरे 50,000 रुपये नहीं मिलेंगे, बल्कि लगभग 37,500 से 42,500 रुपये तक का लोन मिल सकता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि लोन देने वाली संस्था कुछ हिस्सा सुरक्षा के तौर पर अपने पास रखती है।

किन चीजों को गिरवी रखना आसान होता है?

चांदी गिरवी रखते समय यह भी महत्वपूर्ण है कि आप किस प्रकार की चांदी दे रहे हैं।

  • गहने और सिक्के : इन्हें गिरवी रखना सबसे आसान होता है। इनकी शुद्धता जांचना आसान होता है और इनकी वैल्यू भी बेहतर मिलती है।
  • बर्तन और सजावटी सामान : कई बैंक इन्हें स्वीकार नहीं करते। अगर स्वीकार करते भी हैं, तो इनकी कीमत काफी कम आंकी जाती है।

यह भी पढ़ें - किडनी खराब होने के ये हैं शुरूआती संकेत, जिन्हें लोग अक्सर कर देते हैं अनदेखा

डिजाइन और कारीगरी की नहीं मिलती कीमत

यह बात जानना बेहद जरूरी है कि बैंक या लोन देने वाली कंपनियां चांदी के गहनों की डिजाइन या कारीगरी के लिए कोई अतिरिक्त पैसा नहीं देतीं। आपने गहना बनवाते समय जो मेकिंग चार्ज या डिजाइन के पैसे दिए थे, उनका यहां कोई महत्व नहीं होता। लोन केवल चांदी की शुद्धता और वजन के आधार पर ही तय किया जाता है।

क्वालिटी ज्यादा महत्वपूर्ण, क्वांटिटी नहीं

कई लोग सोचते हैं कि ज्यादा मात्रा में चांदी गिरवी रखने से उन्हें ज्यादा लोन मिल जाएगा, लेकिन असल में ऐसा पूरी तरह सही नहीं है।

  • बैंक चांदी की शुद्धता (क्वालिटी) पर ज्यादा ध्यान देते हैं।
  • चांदी की कीमत प्रति ग्राम के हिसाब से तय होती है।
  • बड़ी रकम के लिए आपको काफी अधिक मात्रा में चांदी गिरवी रखनी पड़ सकती है।

इसके अलावा, हर बैंक और वित्तीय संस्था के अपने नियम होते हैं कि वे एक व्यक्ति से कितनी चांदी स्वीकार करेंगे।

गिरवी रखने से पहले रखें ये सावधानियां

  • चांदी की मौजूदा बाजार कीमत जरूर जांच लें।

  • अलग-अलग बैंकों या फाइनेंस कंपनियों की शर्तों की तुलना करें।

  • लोन की ब्याज दर और समय सीमा को अच्छे से समझ लें।

  • केवल भरोसेमंद संस्थान से ही लोन लें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News