दिग्विजय जी आप देश की सेना का अपमान न करें, सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़े करने पर भड़के रविशंकर प्रसाद

punjabkesari.in Tuesday, Jan 24, 2023 - 02:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने सर्जिकल स्ट्राइक पर बार-बार सवाल खड़े करने पर कांग्रेस को आढ़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भारतीय सेना के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी करते रहते हैं। मेरा सवाल राहुल गांधी से है। आपके साथ जो लोग चल रहे हैं...वो देश को तोड़ने में लगे हुए हैं और आप चुप क्यों हैं? क्या आपने कभी सोचा है कि आपके नेताओं के इन बयानों से आतंक के आकाओं का मनोबल कितना बढ़ता है।

देश की सेना का अपमान न करें दिग्विजय सिंह
ये भारत जोड़ो यात्रा है या फिर भारत तोड़ो यात्रा। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि दिग्विजय सिंह की टिप्पणी बहुत ही शर्मनाक है और इसके लिए कांग्रेस पार्टी के नताओं को मांफी मांगनी चाहिए। ऐसी बयानबाजी देश को तोड़ने का काम करती है और इन नेताओं को कांग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं का स्पोर्ट है। दिग्विजय सिंह कोई सामान्य नेता नहीं है, वह दस साल तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। ऐसे में आप देश की सेना का अपमान न करें। 

दिग्विजय सिंह का बयान 
जम्मू कश्मीर में ‘भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ‘सर्जिकल स्ट्राइक' पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों को श्रीनगर से दिल्ली हवाई मार्ग से लाने के उसके (सीआरपीएफ के) अनुरोध पर सहमत नहीं हुई थी और पुलवामा में 2019 के एक आतंकी हमले में 40 सैनिकों को अपना बलिदान देना पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वे सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। वे कई लोगों को मारने की बात करते हैं लेकिन कोई सबूत नहीं दिया। वे झूठ के पुलिंदों के सहारे शासन कर रहे हैं।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News